Latest news

बारिश से बिगड़े हालात पर शहर विधायक अमर अग्रवाल एक्टिव, जलभराव से लेकर मुआवजा तक अफसरों को दिए निर्देश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


राहत-बचाव तेज करने, अस्पतालों को अलर्ट रखने, कच्चे मकानों के नुकसान का सर्वे कर आरबीसी 6(4) के तहत सहायता देने और पार्षदों को मैदान में रहने को कहा।
बिलासपुर, 17 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने के बीच बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने विधानसभा सत्र के दौरान ही हालात का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि इस समय नागरिकों की सुरक्षा और प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अमर अग्रवाल ने राहत कार्यों की सतत निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलभराव वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर पानी की निकासी कराई जाए तथा स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द सामान्य की जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राहत मिल सके।
सिम्स और जिला अस्पताल को अलर्ट रहने के निर्देश
बारिश के बाद मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए उन्होंने सिम्स और जिला अस्पताल को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
कच्चे मकानों के नुकसान पर शुरू होगी राहत प्रक्रिया
भारी बारिश से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के मामलों में अमर अग्रवाल ने प्रशासन को आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल सर्वे कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा और आवागमन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने और राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
प्रशासन राहत कार्य में जुटा
दोपहर बाद बारिश थमने के बाद प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करने का काम तेज कर दिया है। प्रभावित इलाकों में पानी निकासी, सफाई और अन्य राहत कार्य जारी हैं। अमर अग्रवाल ने शहरवासियों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और आवश्यक होने पर प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।