Latest news

अपोलो की स्वास्थ्य सेवाओं पर घेरा… कलेक्टर-एसएसपी की मौजूदगी में कांग्रेस ने उठाए सवाल, 24×7 एम्बुलेंस और आयुष्मान पर प्रबंधन ने दिए बड़े भरोसे

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

जिला प्रशासन की मध्यस्थता में हुई अहम बैठक; गरीब मरीजों के इलाज, गंभीर बीमारियों में आयुष्मान सुविधा, आपातकालीन सेवाओं और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर हुई विस्तृत चर्चा


बिलासपुर। अपोलो अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को जिला प्रशासन की मध्यस्थता में कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और अपोलो अस्पताल प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मरीजों के उपचार में सामने आई कमियों, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस व्यवस्था, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अस्पताल की जवाबदेही को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने कई व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिया।
“मरीज का जीवन सर्वोपरि, इलाज में कोई समझौता नहीं होना चाहिए”
बैठक की शुरुआत में बेलतरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि पिछले कुछ समय से अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अस्पताल की पहली जिम्मेदारी मरीज के जीवन की रक्षा और समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की मांग रखते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए आयुष्मान भारत योजना का प्रभावी और व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मरीज आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
हार्ट, किडनी, ब्रेन और न्यूरो मरीजों के लिए आयुष्मान सुविधा शुरू करने की मांग
विजय केशरवानी ने विशेष रूप से मांग रखी कि आयुष्मान कार्ड की सुविधा सबसे पहले हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे क्रिटिकल मरीजों के लिए शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों के लिए समय पर उपचार जीवन-मृत्यु का सवाल होता है, इसलिए अस्पताल प्रबंधन को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
24 घंटे एम्बुलेंस व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल में 24×7 पूर्ण रूप से सुसज्जित एम्बुलेंस और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी सीधे मरीजों के जीवन को प्रभावित करती है, इसलिए इस व्यवस्था में तत्काल सुधार आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने गिनाईं मरीजों की परेशानियां
बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं में सामने आई कमियों, मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली कठिनाइयों, उपचार व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को विस्तार से प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन के सामने रखा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानवीय दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।
अपोलो प्रबंधन का आश्वासन— एम्बुलेंस मजबूत होगी, सुविधाओं में होगा सुधार
अपोलो अस्पताल की ओर से यूनिट हेड (सीईओ) अभय गुप्ता ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की एम्बुलेंस व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाएगा, आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया जाएगा और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थागत सुधार प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कैंसर मरीजों को मिल रही सुविधा, अन्य गंभीर बीमारियों पर होगा निर्णय
अभय गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में कैंसर मरीजों के लिए आयुष्मान कार्ड के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध है। वहीं हार्ट, किडनी, लंग्स, ब्रेन और न्यूरो जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में लाने के संबंध में अस्पताल का शीर्ष प्रबंधन से चर्चा कर शीघ्र आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
“विरोध नहीं, मरीजों के हित की लड़ाई”
बैठक के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि मरीजों के हितों की रक्षा करना और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बैठक में दिए गए आश्वासनों के क्रियान्वयन पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, अपोलो अस्पताल के यूनिट हेड (सीईओ) अभय गुप्ता, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, विजय पांडेय, प्रमोद नायक, राजेश पांडेय, महेश दुबे, शेख नजीरुद्दीन, नरेंद्र बोलर, राजेन्द्र साहू, देवेंद्र सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष समीर अहमद, लक्ष्मी साहू, मुकेश अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, हितेश देवांगन, महेश ठाकुर, गौरव ऐरी, कमल कश्यप सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।