Latest news

मुख्य नाले को बनाया ‘डंपिंग यार्ड’, कमिश्नर ने मौके पर पकड़ी करतूत: एक्सपायरी फूड फेंकने पर प्रिया स्टोर पर ₹25 हजार का जुर्माना

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


सुबह निरीक्षण में राजेंद्र नगर के मुख्य नाले में मिली बड़ी लापरवाही, खाद्य पैकेटों से बाधित हुई जल निकासी; जांच में प्रतिष्ठान की पहचान होते ही निगम की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेने निकले नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने मंगलवार सुबह राजेंद्र नगर क्षेत्र में ऐसी लापरवाही पकड़ी, जिसने नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य नाले में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थों के पैकेट और अन्य कचरा फेंका हुआ मिला। खाद्य सामग्री के पैकेटों से नाला अवरुद्ध हो गया था, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही थी और आसपास गंदगी फैलने की स्थिति बन गई थी।
मौके पर ही निगम आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच कर जिम्मेदार प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जांच में प्रिया स्टोर का नाम आया सामने
नगर निगम की जांच में पता चला कि मुख्य नाले में फेंकी गई एक्सपायरी खाद्य सामग्री प्रिया स्टोर से संबंधित है। जांच में प्रतिष्ठान के संचालक के रूप में आर्यन जुनेजा की पहचान की गई। जांच पूरी होते ही नगर निगम ने संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का आर्थिक दंड अधिरोपित कर दिया।
तुरंत हटवाया गया पूरा कचरा
कार्रवाई के साथ ही नगर निगम की टीम ने नाले में फेंके गए सभी खाद्य पैकेट और अन्य कचरे को तत्काल हटवाया। इसके बाद जल निकासी व्यवस्था को दोबारा सुचारु कराया गया, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी प्रभावित न हो।
कमिश्नर ने जताई कड़ी नाराजगी
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि शहर के नालों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या व्यावसायिक अपशिष्ट फेंकना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण करने और ऐसे मामलों में बिना किसी ढिलाई के दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मैदानी निरीक्षण से पकड़ में आ रही लापरवाही
नगर निगम के अनुसार शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे लगातार विभिन्न क्षेत्रों का सुबह मैदानी निरीक्षण कर रहे हैं। इसी निरीक्षण के दौरान राजेंद्र नगर के मुख्य नाले में यह मामला सामने आया, जहां एक्सपायरी खाद्य सामग्री खुलेआम नाले में फेंकी गई थी।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों से नियमों के पालन की अपेक्षा
नगर निगम ने बताया कि खाद्य सामग्री सहित अन्य व्यावसायिक अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्वच्छता से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।