नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम; अब विवेचकों को निजी मोबाइल का नहीं करना होगा उपयोग, साक्ष्य सीधे CCTNS पोर्टल पर होंगे अपलोड
बिलासपुर। नए आपराधिक कानूनों के तहत अपराध अनुसंधान को अधिक तकनीकी, पारदर्शी और तेज बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय ने जिले के विवेचकों को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) उपलब्ध कराए हैं। इन अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से अब पुलिस अधिकारी घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य (ई-साक्ष्य) एकत्र कर सीधे CCTNS पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आने के साथ साक्ष्यों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।
इसी उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने विवेचकों को MDT डिवाइस वितरित किए और नए सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
डिजिटल जांच को मिलेगी नई रफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद डिजिटल साक्ष्यों का संकलन जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। पहले विवेचकों को घटनास्थल की फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य अपने निजी मोबाइल फोन से एकत्र करने पड़ते थे, जिससे कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आती थीं। मोबाइल की मेमोरी भर जाना, निजी और सरकारी डेटा का मिश्रित होना तथा साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण जैसी चुनौतियां जांच को प्रभावित करती थीं।
इन समस्याओं को समाप्त करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष रूप से मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) उपलब्ध कराए हैं।
घटनास्थल से सीधे CCTNS पर अपलोड होंगे साक्ष्य
MDT डिवाइस मिलने के बाद विवेचक घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित तरीके से रिकॉर्ड कर उन्हें तत्काल क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे साक्ष्यों की प्रमाणिकता बनी रहेगी और जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं समयबद्ध होगी।
निजी मोबाइल के उपयोग से मिलेगी राहत
नई व्यवस्था लागू होने के बाद विवेचकों को अब अपने निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे निजी डेटा और शासकीय कार्य अलग-अलग रहेंगे, मोबाइल की स्टोरेज संबंधी परेशानी समाप्त होगी तथा डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण और प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी।
जिले में 208 MDT डिवाइस वितरित
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों और साइबर सेल के विवेचकों को कुल 208 MDT डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इनका उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों के तहत ई-साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना और तकनीक आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देना है।
जांच में तेजी, जल्द पेश होंगे चालान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार MDT के उपयोग से साक्ष्य संकलन और अपलोडिंग में लगने वाला समय कम होगा। इससे विवेचना समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकेगी, न्यायालय में चालान शीघ्र प्रस्तुत होंगे और मजबूत डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन चलाने में सहायता मिलेगी।

