Latest news

बिलासपुर में अपराधियों का दुस्साहस! लॉकअप में चलाया ब्लेड, जंगल में किडनैपिंग, सड़क पर चाकू और बारात में खूनी हमला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read



पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में चार अलग-अलग मामलों का खुलासा, अपहरण से लेकर हथियारबाजी तक मचा रहा था आतंक

बिलासपुर में अपराध का चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है। कहीं लॉकअप में बंद आरोपी ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए खुद को ब्लेड से जख्मी कर लिया, तो कहीं युवक का अपहरण कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। सड़क पर खुलेआम चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है, जबकि बारात में डीजे पर नाचने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शहर और ग्रामीण इलाकों में सामने आए इन चार मामलों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
1 : लॉकअप में बंद आरोपी ने रचा नया ड्रामा, ब्लेड से खुद को किया घायल
सबसे सनसनीखेज मामला सिविल लाइन क्षेत्र के जरहाभाठा से सामने आया। शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान पुलिस सुरक्षा और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रामा कुर्रे नामक युवक जेब में चाकू रखकर नाचता मिला। तलाशी में उसके पास से चाकू बरामद हुआ और पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने के लॉकअप में बंद कर दिया।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। शाम करीब 6:44 बजे लॉकअप में बंद आरोपी ने अचानक अपने हाथ और सीने पर ब्लेड के टुकड़े से वार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा मुंह के किनारे छिपाकर रखा था। घटना के बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना से कुछ देर पहले उसकी परिचित महिला मधु और एक नाबालिग उससे मिलने आए थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ब्लेड का टुकड़ा आरोपी तक कैसे पहुंचा और महिला तथा नाबालिग की भूमिका क्या रही। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
2 : जंगल में ले जाकर किया अपहरण, चाकू अड़ाकर मांगी 50 हजार की फिरौती
रतनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में युवक का अपहरण कर लिया। भेलवापारा कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले को घर से बुलाकर बाहर निकाला गया और गले पर चाकू टिकाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर कोरबाभांवर जंगल ले जाया गया।
आरोपियों ने जंगल में युवक के सामने कागज पर गांजा फैलाकर उसकी तस्वीर खींची और फिर उसके घर फोन करवाया। युवक से कहलवाया गया कि वह गांजा मामले में पकड़ा गया है और केस खत्म कराने के लिए 50 हजार रुपये चाहिए। घबराए परिजन रकम देने को तैयार हो गए।
आरोपियों ने पहले महामाया मंदिर बायपास और बाद में हेलीपेड के पास रकम लेकर पहुंचने को कहा। परिजनों को संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचे आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान इशान सारथी और एक नाबालिग पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
3 : सड़क पर चाकू लहराकर फैला रहा था खौफ, पुलिस ने दबोचा
रतनपुर में ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आम लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि रेस्ट हाउस के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर राहगीरों को आतंकित कर रहा है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिहार निवासी बलजीत यादव के रूप में हुई, जो वर्तमान में रतनपुर स्थित एक राइस मिल में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे जेल भेज दिया।
4 : बारात में डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद, चाकू से हमला कर किया लहूलुहान
बिल्हा थाना क्षेत्र के बिटकुली गांव में बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हाथ लगने की बात को लेकर शुरू हुए झगड़े में पकलू उर्फ याददास्त बंजारे ने तीन लोगों पर हमला कर दिया।
आरोपी ने हाथ-मुक्कों के साथ धारदार हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे सुजीत जोशी गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ दीं।
काफी समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।