बिलासपुर। जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की जीत में योगदान देकर देश, प्रदेश और बिलासपुर का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का शहर में सम्मान किया गया। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन ने उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके परिवार को भी शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, महेश दुबे (टाटा), जावेद मेमन, अयाज खान, वकार खान, अशुतोष शर्मा और ओमकार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अवि की उपलब्धि को बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण बताया।
वक्ताओं ने कहा कि अवि मानिकपुरी न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने जापान में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम के साथ एशिया कप का खिताब जीतकर लौटे हैं। उनकी इस सफलता से खेल प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। अवि की सफलता से हॉकी सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने की चाह रखने वाले खिलाड़ियों को नई दिशा और आत्मविश्वास मिलेगा।

