Latest news

सुशासन तिहार में गरजीं स्मृति त्रिलोक श्रीवास, बेलतरा के पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर अधिकारियों को घेरा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बेलतरा। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नगोई में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन तिहार शिविर में क्षेत्र की निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और राजस्व विभाग से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


अपने संबोधन में स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से पंचायती राज व्यवस्था के विभिन्न पदों पर निर्वाचित होकर जनसेवा कर रही हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में पेयजल, बिजली और राजस्व संबंधी समस्याएं जिस स्तर तक बढ़ी हैं, वैसी स्थिति उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
इन प्रमुख मांगों को रखा मजबूती से
स्मृति श्रीवास ने शिविर में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े अनेक मुद्दे उठाए। इनमें प्रमुख रूप से—
बैमा में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल के कारण प्रभावित खपराखोल के किसानों के लिए आवागमन हेतु वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था।
ग्राम पंचायत बैमा, नगोई, सेलर, परसदा और पोसरा सहित आसपास के गांवों को बिलासपुर तहसील में यथावत रखने की मांग।
बैमा-नगोई स्थित मां महामाया मंदिर के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण की मांग।
क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और उन्नयन की मांग।
दर्जनों स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्री वॉल और आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था।
पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना।
विद्युत आपूर्ति में सुधार और बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर रोक।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था।
अधिकारियों को दी आंदोलन की चेतावनी
स्मृति त्रिलोक श्रीवास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं को लगातार उठाया जा रहा है, लेकिन यदि अब भी संबंधित विभाग और अधिकारी गंभीरता नहीं दिखाते और लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ तभी है जब लोगों को समय पर पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और राजस्व सेवाएं उपलब्ध हों। केवल शिविर आयोजित कर देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि धरातल पर काम दिखना चाहिए।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास, जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम बिलासपुर, तहसीलदार बेलतरा सहित क्षेत्र के हजारों नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।