Latest news

मटका फोड़कर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, जल संकट पर विकास भवन में हल्ला बोल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

दूषित पानी की बोतलें लेकर निगम मुख्यालय पहुंचे कांग्रेसी; महापौर और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, अधिकारियों से तीखी नोकझोंक

बिलासपुर। शहर में गहराते पेयजल संकट और दूषित जलापूर्ति के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। कांग्रेस भवन से निकली पदयात्रा जब नेहरू चौक स्थित नगर निगम मुख्यालय विकास भवन पहुंची तो प्रदर्शन उग्र हो गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जल संकट के विरोध में मटका फोड़कर अपना आक्रोश जताया और नगर निगम की कथित विफलताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में दूषित पानी से भरी बोतलें लेकर पहुंचे कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि शहर की जनता एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान है, जबकि निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल दावे करने में व्यस्त हैं।


शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विकास भवन पहुंची। प्रदर्शन को देखते हुए निगम मुख्यालय परिसर में पहले से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता विकास भवन पहुंचे, उन्होंने जल संकट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मटका फोड़कर जलापूर्ति व्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया गया।


प्रदर्शनकारियों ने अपने साथ बोतलों में भरकर दूषित पानी भी लाया था। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि शहर के कई वार्डों में या तो पानी नहीं पहुंच रहा है या फिर गंदा और बदबूदार पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं ने दूषित पानी की बोतलें दिखाकर निगम प्रशासन से जवाब मांगा और कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर की पेयजल व्यवस्था बदहाल है।
विकास भवन परिसर में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और नगर निगम अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को घेरते हुए जल संकट पर जवाबदेही तय करने की मांग की। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा और पुलिस बल को स्थिति पर लगातार नजर रखनी पड़ी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महापौर और निगम प्रशासन को सीधे तौर पर निशाने पर लिया। उनका आरोप था कि भीषण गर्मी के बीच शहरवासी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार लोग जनता की परेशानियों से बेखबर हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश पांडे, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय केसरवानी, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष गर्ग, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जावेद मेमन, पार्षद दिलीप पाटिल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।