



बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र में गहराते जल संकट को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के सामने खाली मटकी लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस के पुराने और वरिष्ठ नेताओं के तेवर भी बेहद कड़े नजर आए। नेताओं ने नगर निगम प्रशासन पर शहरवासियों को मूलभूत सुविधा तक उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया।
धरना स्थल पर शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे और रविंद्र सिंह ठाकुर ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। वहीं पंकज सिंह ठाकुर, समीर अहमद, शहजादी कुरैशी, महेश दुबे और राजेंद्र शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी जल संकट को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच शहर के कई वार्डों में लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन निगम प्रशासन समस्या के समाधान के बजाय केवल दावे कर रहा है। खाली मटकी के साथ प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि शहर की जनता के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल संकट का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र रूप देगी।

