नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सोनवानी के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारी, समाज के विकास और संगठनात्मक मजबूती पर हुई चर्चा
बिलासपुर। सूत सारथी समाज प्रदेश छत्तीसगढ़ के नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश सोनवानी के नेतृत्व में समाज के एक शिष्टमंडल ने पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर के लोकप्रिय विधायक Amar Agrawal से सौजन्य भेंट की। इस दौरान समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक एकजुटता और विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अमर अग्रवाल को समाज में हाल ही में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुए चुनाव की जानकारी दी। शिष्टमंडल ने चुनाव प्रक्रिया, नई कार्यकारिणी के गठन तथा समाज के विभिन्न कार्यक्रमों और भावी योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया।
भेंट के दौरान अमर अग्रवाल ने सूत सारथी समाज में लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुए चुनाव की सराहना की। उन्होंने प्रदेश चुनाव समिति की प्रशंसा करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा नई टीम के सफल कार्यकाल और समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज की प्रगति और संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सूत सारथी समाज के जिला पूर्व अध्यक्ष बल्लू सारथी, महेश सोनवानी, दीपक सोनवानी सहित समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया तथा भविष्य में समाज को और अधिक संगठित एवं सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।



