Latest news

आधी रात की डिनर टेबल पर संगठन की सियासत, बिलासपुर में भूपेश बघेल ने कांग्रेस नेताओं संग साधा चुनावी संवाद

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


उपचुनाव, युवा कांग्रेस और संगठनात्मक मजबूती पर मंथन, देर रात तक चलती रही राजनीतिक चर्चा
बिलासपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मंगलवार देर रात बिलासपुर आगमन पूरी तरह राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चाओं के केंद्र में रहा। रात करीब 12 बजे डिनर टेबल पर कांग्रेस नेताओं के साथ हुई बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी उपचुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बिलासपुर के सर्किट हाउस में
देर रात हुई इस बैठक में विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। बैठक का माहौल पूरी तरह राजनीतिक चर्चा और संगठनात्मक रणनीति पर केंद्रित रहा।

सूत्रों के अनुसार भूपेश बघेल ने नेताओं और पदाधिकारियों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली। खास तौर पर उपचुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, स्थानीय समीकरणों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा हुई। युवा कांग्रेस की सक्रियता और युवाओं को चुनावी अभियान से जोड़ने को लेकर भी महत्वपूर्ण बातचीत की गई। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बिलासपुर में भूपेश बघेल का राजनीतिक प्रभाव लंबे समय से है। मुख्यमंत्री रहते हुए उनके दौरों के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखने को मिलता था। हालांकि इस बार उनका आगमन देर रात हुआ, इसलिए कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ नजर नहीं आई, लेकिन कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी ने यह जरूर संकेत दिया कि संगठनात्मक स्तर पर बिलासपुर अब भी कांग्रेस की महत्वपूर्ण राजनीतिक जमीन बना हुआ है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।