कोटमी बाजार पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने जताया रोष, बोले- खुले बाजार में गोलीकांड कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल
बिलासपुर,पेंड्रा। जीपीएम जिले के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और लाखों रुपए के जेवरात लूट की वारदात ने पूरे प्रदेश के व्यापारिक वर्ग को झकझोर दिया है। घटना के बाद सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामले की जानकारी मिलते ही सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी आईजी के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि खुले बाजार में इस तरह की जघन्य वारदात कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
घटना के बाद प्रदेश अध्यक्ष मृतक सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी के परिजनों से भी मिले। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सराफा व्यापारियों को पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग स्थित कोटमी साप्ताहिक बाजार में बाइक सवार तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाश पहुंचे। आरोपियों ने सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की दुकान पर धावा बोलते हुए जेवरातों से भरी पेटी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यापारी की छाती में गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरों से भरी पेटी लेकर फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे पेंड्रा इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के विरोध में व्यापारिक संगठनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और सराफा कारोबारियों के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग तेज कर दी है।

