Latest news

मेयर के वार्ड में पानी पर ‘महाभारत’! बूंद-बूंद को तरसे पीएम आवास के लोग, नाराज महिलाओं ने घेरा कलेक्ट्रेट

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। शहर की मेयर पूजा विधानी के खिलाफ एक बार फिर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों में रहने वाले परिवार पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पानी को लेकर रोज विवाद और झगड़े की नौबत आ रही है। परेशान महिलाओं और स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और नल कनेक्शन, बोर सुविधा, साफ-सफाई तथा जगह घेराव की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मामला बंधवापारा स्थित विधानी चौक के प्रधानमंत्री आवास परिसर का है। यहां रहने वाले लोगों का आरोप है कि पुराने आवास में रहने वाले लोग नए आवास के रहवासियों को पानी नहीं लेने दे रहे हैं। इसके चलते आए दिन तनाव और झगड़े की स्थिति बन रही है। पानी की किल्लत से परेशान बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन से तत्काल व्यवस्था की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में रहने वाले लोग लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे हैं। न तो स्थायी नल कनेक्शन की व्यवस्था है और न ही बोर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समस्या को लेकर वे कई बार जोन कार्यालय तोरवा, महापौर और स्थानीय पार्षद के पास जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने साफ कहा कि पानी की समस्या अब सिर्फ असुविधा नहीं बल्कि आपसी विवाद की वजह बन चुकी है। महिलाओं का कहना है कि रोज पानी भरने को लेकर कहासुनी और झगड़े हो रहे हैं। साफ-सफाई की स्थिति भी खराब है और आवास परिसर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
ज्ञापन सौंपने वालों में शहजादी खान, रामशाह नेगम, यास्मीन बेगम, शहनाज बेगम, सोफिया बेगम, फरीदा बेगम, शाहीना बेगम, रुबीना खान, शबनम खान, सामिया खान, अनवरी बेगम, नजपुन निशा, जमीला बेगम, मेहरुनिशा, रेशमा बेगम, प्रिया टंडन, दुधा जोशी और अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
शहर में भीषण गर्मी के बीच पानी को लेकर बढ़ते विवाद ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर उस इलाके में जहां मेयर पूजा विधानी का सीधा राजनीतिक प्रभाव माना जाता है, वहां पीएम आवास के लोग बुनियादी सुविधा के लिए कलेक्ट्रेट का दरवाजा खटखटाने को मजबूर दिखे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।