बिलासपुर। नगर निगम उपचुनाव को लेकर वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर तारबहार में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव के समर्थन में रविवार को विधायक अमर अग्रवाल ने वार्ड में जनसंपर्क, जनचौपाल और मोहल्ला बैठकों के जरिए चुनावी ताकत झोंक दी। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचे अमर अग्रवाल ने सीधे संवाद करते हुए भाजपा प्रत्याशी को “कमल फूल छाप” पर वोट देकर विजयी बनाने की अपील की।
सुबह से शुरू हुआ चुनाव प्रचार शाम तक अलग-अलग मोहल्लों में चलता रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वार्ड के कई हिस्सों में भाजपा समर्थकों ने स्वागत किया, जबकि महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को विधायक के सामने रखा।
“सबसे पहली कड़ी पार्षद… तय कीजिए किसका विकास हुआ”
जनचौपाल के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि विधायक के नाते क्षेत्र की सेवा करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है, जिसे भाजपा लगातार निभाती आ रही है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में भाजपा हमेशा सक्रिय रही है।
उन्होंने वार्डवासियों से कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे पहली कड़ी पार्षद होता है और जनता इस बात से भली-भांति परिचित है कि अब तक वार्ड में क्या विकास हुआ और किसका विकास हुआ।
अमर अग्रवाल ने कहा कि यदि वार्ड से भाजपा का पार्षद चुना जाता है तो क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और हितग्राही योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक समान रूप से पहुंचाया जाएगा।
सड़क, नाली, सफाई और पेयजल को लेकर महिलाओं ने खोला मोर्चा
चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने विधायक के सामने सड़क, नाली, सफाई, शुद्ध पेयजल और आवास जैसी समस्याएं उठाईं। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना और आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में नाम नहीं जुड़ने और लाभ से वंचित रहने की शिकायत भी की।
स्थानीय महिलाओं ने कहा कि पूर्व पार्षद द्वारा कभी भी हितग्राही योजनाओं को लेकर सक्रियता नहीं दिखाई गई और कई पात्र लोगों को लाभ लेने का अवसर तक नहीं मिला।
इस पर अमर अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि भाजपा पार्षद बनने के बाद सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा और किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।
मंदिरों में पूजा से शुरू हुआ प्रचार, मोहल्ला-मोहल्ला बैठकें
भाजपा का चुनाव प्रचार गुरु घासीदास मंदिर और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। इसके बाद अमर अग्रवाल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग मोहल्लों में बैठकें कर सामाजिक और स्थानीय लोगों से संवाद किया।
भाजपा नेताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से कमल फूल छाप पर बटन दबाने की अपील की। प्रचार के दौरान “विकास”, “सुशासन” और “जनसेवा” भाजपा के प्रमुख मुद्दे रहे।
“नगर निगम में भाजपा मजबूत हुई तो विकास को मिलेगी रफ्तार”
अमर अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम में भाजपा की मजबूत उपस्थिति होने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर काम करते हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन राव, भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

