Latest news

बिलासपुर में तालाब किनारे ‘नशे का बाजार’ सजाए बैठा था सप्लायर… सरकंडा पुलिस का शिकंजा, ब्राउन शुगर-हेरोइन-कफ सिरप के साथ दबोचा गया गुड्डू श्रीवास

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। शहर में तेजी से फैलते नशे के कारोबार के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित नशा तस्कर को भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पीपल चौक के आगे तालाब किनारे बंधवापारा इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। कार्रवाई में एक्टिवा स्कूटी सहित करीब 2 लाख 72 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास (40 वर्ष) निवासी मरीमाई कब्रिस्तान के सामने, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 766/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना ने खोला नशे के नेटवर्क का रास्ता
सरकंडा पुलिस को 25 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीपल चौक के आगे तालाब के पास बंधवापारा क्षेत्र में स्कूटी पर बैठकर अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस ने संदेह के आधार पर एक एक्टिवा सवार को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम पप्पू श्रीवास उर्फ गुड्डू श्रीवास बताया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में निकला नशे का पूरा जखीरा
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 20 नग प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की गई। इसके अलावा 3.92 ग्राम ब्राउन शुगर और 7.50 ग्राम हेरोइन भी जब्त की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BF 4767 को भी जब्त कर लिया।
जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 72 हजार 500 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
तालाब किनारे चल रहा था ‘ड्रग सप्लाई प्वाइंट’!
पुलिस कार्रवाई जिस स्थान पर हुई, वह सरकंडा का भीड़भाड़ वाला इलाका माना जाता है। तालाब और पीपल चौक के आसपास लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की चर्चा होती रही है। रविवार को हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई कि आखिर शहर के बीचोंबीच नशे का कारोबार कितनी गहराई तक फैल चुका है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
सरकंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी।
जिले में लगातार चल रहा नशे के खिलाफ अभियान
बिलासपुर पुलिस द्वारा इन दिनों अवैध नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।