Latest news

45 डिग्री की तपिश में फूटा गुस्सा… बिजली कटौती पर विजय के नेतृत्व में कांग्रेस का तिफरा बिजली दफ्तर घेराव, गेट टूटा, सड़क जाम, पुलिस से धक्का-मुक्की

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
8 Min Read

बिलासपुर। नवतपा के पहले ही दिन भीषण गर्मी और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को तिफरा स्थित बिजली विभाग कार्यालय कांग्रेस के बड़े आंदोलन का केंद्र बन गया। 45 डिग्री तापमान की झुलसा देने वाली धूप में हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक मुख्य गेट पर नारेबाजी, सड़क जाम, गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश और पुलिस से तीखी झड़प जैसी स्थिति बनी रही। पूरे आंदोलन की अगुवाई जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के पूर्व अध्यक्ष और बेलतरा विधानसभा से विधायक प्रत्याशी रहे विजय केशरवानी ने की।
सुबह करीब 10 बजे से ही बेलतरा विधानसभा सहित बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर, रतनपुर, तिफरा, सकरी, सीपत और आसपास के ग्रामीण इलाकों से कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग तिफरा बिजली कार्यालय पहुंचने लगे। आंदोलन में युवा, महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में कूलर, फ्रिज और बिजली कटौती बंद करो जैसे पोस्टर थे। बिजली विभाग के मुख्य गेट पर भारी पुलिस बल पहले से तैनात कर दिया गया था।
“बिजली दो… नहीं तो कुर्सी छोड़ो” के नारों से गूंजा तिफरा
मुख्य गेट के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। आंदोलन धीरे-धीरे उग्र होता गया। हालात उस वक्त बिगड़ गए जब आक्रोशित कार्यकर्ता मुख्य सड़क पर बैठ गए। सड़क जाम होते ही वाहनों की लंबी कतार लग गई और पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
इसी बीच जोश और गुस्से से भरे कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि बिजली विभाग के मुख्य अभियंता के कार्यालय का गेट पहले ही बंद कर दिया गया था और वहां भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे।
तपती जमीन पर दो घंटे धरना, आश्वासन तक हटने से इनकार
45 डिग्री की प्रचंड गर्मी में कांग्रेस कार्यकर्ता बिजली कार्यालय परिसर के बाहर ही जमीन पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शनकारी चिलचिलाती धूप में बैठे रहे। पुलिस और प्रशासन लगातार आंदोलन खत्म कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया कि जब तक स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलेगा, धरना खत्म नहीं होगा।
प्रदर्शन स्थल पर बाद में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता अम्बष्ट, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से ज्ञापन लिया और भरोसा दिलाया कि जनता को बिजली समस्या से राहत देने हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
“छत्तीसगढ़ में बिजली बन रही, छत्तीसगढ़िया अंधेरे में जी रहा”
धरना स्थल पर विजय केशरवानी ने सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता दोहरी मार झेल रही है। एक तरफ जंगल काटे जा रहे हैं, दूसरी तरफ बिजली उत्पादन करने वाला प्रदेश खुद अंधेरे में डूबा हुआ है।
उन्होंने कहा कि “यह दिया तले अंधेरा वाली स्थिति है। छत्तीसगढ़ में बिजली बन रही है लेकिन यहां की जनता घंटों कटौती झेल रही है। सरकार दूसरे राज्यों और उद्योगों को ऊंचे दामों पर बिजली बेच रही है और आम जनता गर्मी में तड़प रही है।”
“करोड़ों की तैयारी सिर्फ कागजों में… हवा चली और सिस्टम फेल”
विजय केशरवानी ने बिजली विभाग की तैयारियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विभाग हर साल मेंटेनेंस और तैयारी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने का दावा करता है, लेकिन हल्की हवा और बारिश में पूरा सिस्टम ध्वस्त हो जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग पूरी तरह ठेका व्यवस्था पर निर्भर हो चुका है। फील्ड में स्थायी कर्मचारियों की भारी कमी है और ठेकेदार पर्याप्त कर्मचारी नहीं रखते। आम जनता की परेशानी से किसी को मतलब नहीं है।
उन्होंने कहा कि मई-जून में नीट, पीएससी मेन्स और सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। किसान फसल के लिए पानी को लेकर परेशान हैं। बिजली आधारित छोटे व्यापार ठप हो रहे हैं। सामाजिक कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन सरकार “सुशासन तिहार” मनाने में व्यस्त है।
“ग्रामीण इलाकों में हालात और भयावह”
विजय केशरवानी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों से ज्यादा खराब स्थिति है। कई गांवों में दिनों-दिन बिजली गुल रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के प्रतिनिधि सिर्फ अखबारों में बयान देकर अपनी जिम्मेदारी खत्म कर लेते हैं।
उन्होंने मांग की कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पेट्रोलिंग वाहन चलाए जाएं। जहां बिजली बंद हो वहां तुरंत कर्मचारी पहुंचें। मोपका फीडर से जुड़े बेलतरा विधानसभा के कई क्षेत्रों में लगातार बिना वजह बिजली गुल हो रही है।
उन्होंने कहा कि पेड़ों की कटिंग, लाइन सुधार और ट्रांसफार्मर मेंटेनेंस जैसे काम हर साल समय रहते किए जा सकते हैं। गर्मी के समय संविदा कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। यहां तक कि कई बार बिजली सुधारने वाली टीम सीढ़ी आने का इंतजार करती रहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
“कॉल सेंटर फोन नहीं उठाता, शिकायत का कोई जवाब नहीं”
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि बिजली विभाग के कॉल सेंटर में सक्षम अधिकारी तक मौजूद नहीं रहते। जो कर्मचारी रहते हैं वे फोन नहीं उठाते और सिर्फ ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह देते हैं। शिकायत के बाद नंबर कब आएगा इसकी जानकारी तक नहीं दी जाती।
उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के कर्मचारी जेई और एई तक की बात नहीं सुनते। इसको लेकर कांग्रेस कमेटी को लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
आंदोलन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडे, रविंद्र सिंह, ऋषि पांडेय, धनंजय सिंह, प्रभंजन बैसवाडे, लक्ष्मीनाथ साहू, संतोष गर्ग, हितेश देवांगन, जगदीश कौशिक, अनिल यादव, शीतल दास महंत, विनोद साहू, लक्ष्मी गहवाई, वीरेंद्र गौरहा, साखन दरवे, अशोक सूर्यवंशी, दिनेश कश्यप, जावेद मेमन, शेख निजामुद्दीन (दुलारे), संध्या तिवारी, शहजादी कुरैशी, शिल्पी तिवारी, पिंकी बतरा, इंद्राणी कौशिक, अनुपमा मिश्रा, सुनील साहू, राघवेंद्र गहवाई, अशोक शुक्ला, सुनील सोनकर, मोहन श्रीवास, मनीष घड़ेवाल, रोहित कौशिक, ध्रुव साहू, विकास लॉसकर, अमित यादव, सत्यनारायण मरकाम, अवधेश कमल सेन, बबली खान, जीवन निर्मलकार, मिथुन वर्मा, रूपेश कश्यप, शेरू असलम, राजू यादव, लकी मिश्रा, उत्तम यादव, बालचंद साहू, मनीष सेंगर, पवन सिंह ठाकुर, विक्की यादव, अजय काले, टीकम सिंह, दीपक नायक, अविनाश रजक, संजय सूर्यवंशी, रवि बघेल, परमेश्वर सूर्यवंशी, जातिन धीवर, लक्ष्मीनारायण कोहली, राजेश यादव, दिलीप पटेल, राजकुमार बारगाह, राजाराम धुरी, दीपक मौर्य, उदल सूर्यवंशी, सुखसागर कुर्रे, सुजीत यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और ग्रामीण मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।