Latest news

“काले सोने” में बड़ा खेल… हाई क्वालिटी कोयले को किया हल्का, प्लांट पहुंचते ही खुला सिंडिकेट का राज; हिर्री पुलिस की रेड में डिपो मालिक गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

कोयले के काले खेल पर हिर्री पुलिस का बड़ा वार!,हाई क्वालिटी कोयले में मिलावट कर करोड़ों का खेल, डिपो मालिक गिरफ्तार
SECL खदान से निकला “प्रीमियम कोयला”, प्लांट पहुंचते ही खुल गई पोल; GCV गिरते ही मचा हड़कंप, ट्रेलर समेत पूरा माल जब्त


बिलासपुर। जिले में कोयले के कारोबार के भीतर चल रहे कथित “मिलावट सिंडिकेट” पर हिर्री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कोलडिपो मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में निम्न स्तर का कोयला मिलाकर सप्लाई की जा रही थी। मामला सामने आते ही उद्योग जगत और कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क में सनसनी फैल गई।
ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा प्लांट में जैसे ही कोयले की लैब टेस्ट रिपोर्ट सामने आई, पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। जिस कोयले को उच्च गुणवत्ता वाला बताकर भेजा गया था, उसकी गुणवत्ता जांच में भारी गिरावट पाई गई। इसके बाद हिर्री पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कोलडिपो मालिक राम कुमार आर्य को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
SECL से निकला हाई ग्रेड कोयला… रास्ते में बदल गया खेल!
मामले की शुरुआत तब हुई जब कोयला परिवहन और लिफ्टिंग का काम करने वाले आशीष केशरी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि एसईसीएल रामपुर खदान से दो ट्रेलरों में जी-6 ग्रेड का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला लोड कराया गया था।
यह कोयला डीओ नंबर 3330081502 के जरिए ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड, डिघोरा भेजा गया। दस्तावेजों में कोयले की गुणवत्ता 5500-5800 GCV दर्ज थी, लेकिन प्लांट पहुंचने के बाद जब केमिस्ट ने परीक्षण कराया तो रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया।
जांच में कोयले की गुणवत्ता घटकर 4203 और 4220 GCV निकली। इसके बाद पूरे सप्लाई सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए।
पुलिस की एंट्री और खुलने लगा पूरा खेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए हिर्री पुलिस तुरंत एक्टिव हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने —
घटनास्थल का निरीक्षण किया
पंचनामा और नजरी नक्शा तैयार किया
यार्ड में मौजूद निम्न गुणवत्ता के कोयले की सैंपलिंग कराई
दोनों ट्रेलरों को जब्त किया
संदिग्ध कोयले को कब्जे में लिया
जांच के दौरान कोलडिपो मालिक राम कुमार आर्य की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो ट्रेलरों से पहुंचा था कोयला
जांच के दायरे में आए वाहन —
CG 12 S 8901
CG 04 HX 4888
दोनों ट्रेलरों को हिर्री पुलिस ने जब्त कर लिया है।
उद्योगों तक पहुंच रहा था “मिक्सिंग वाला” कोयला?
पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक खेप तक सीमित मामला था या फिर लंबे समय से उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में निम्न गुणवत्ता का कोयला मिलाकर सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से औद्योगिक इकाइयों को नुकसान पहुंचाकर अवैध मुनाफाखोरी का जरिया तो नहीं बना हुआ था।
हिर्री पुलिस की कार्रवाई से कोयला कारोबार में हलचल
कोयले की गुणवत्ता में हेराफेरी जैसे गंभीर मामले में हुई इस कार्रवाई के बाद जिले के कोलडिपो और परिवहन नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316(3), 317(2), 317(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
हिर्री पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं, संभावित सहयोगियों और सप्लाई चैन की भी गहन जांच में जुटी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।