Latest news

“खिलाड़ी बुक” पर बिलासपुर सिविल लाइन पुलिस का सबसे बड़ा वार! ऑनलाइन सट्टे का काला नेटवर्क बेनकाब, कैश-एटीएम-गाड़ियां जब्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

मंगला से चल रहा था हाईटेक सट्टा सिंडिकेट, पुलिस की रेड में करोड़ों के खेल का खुला राज; फरार बुकी देश छोड़ने की फिराक में, LOC जारी
बिलासपुर। ऑनलाइन सट्टे के अंधेरे कारोबार पर बिलासपुर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि पूरे सट्टा नेटवर्क में हड़कंप मच गया। “खिलाड़ी बुक” नामक ऑनलाइन पैनल के जरिए विभिन्न खेलों पर हाईटेक सट्टा खिलाने वाले गिरोह का सिविल लाइन पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। कार्रवाई में लाखों की नगदी, दर्जनों एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए हैं।


सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि सट्टे की रकम को एक आरोपी के जरिए आगे सप्लाई किया जा रहा था। मामले में कई बड़े नाम सामने आने के बाद पुलिस अब फरार सटोरियों के पीछे लगातार दबिश दे रही है। तीन बड़े बुकी— रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
मंगला में चल रहा था “डिजिटल जुआघर”
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई की।
जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मोबाइल के जरिए “खिलाड़ी बुक” पैनल पर विभिन्न खेलों में दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से संतोष जसवानी, करन श्रीवास और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के दौरान सट्टे के पैसों की सप्लाई चेन का खुलासा हुआ, जिसके बाद आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपी
संतोष जसवानी, निवासी हेमुनगर तोरवा, हाल मुकाम रोमन हाईट्स गंगानगर फेस-02 मंगला
करन श्रीवास, निवासी नयापारा सिरगिट्टी
आशीष जसवानी, निवासी बी.आर. हॉस्पिटल के पास बिलासपुर
एक विधि से संघर्षरत बालक
रेड में क्या-क्या मिला?
पुलिस कार्रवाई में बरामद सामग्री ने पूरे नेटवर्क की गहराई उजागर कर दी। मौके से पुलिस ने —
05 मोबाइल फोन
विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड
13 लाख 48 हजार रुपए नगद
एक टाटा कार
एक स्कूटी
जप्त मशरूका की कुल कीमत 22 लाख 63 हजार रुपए आंकी गई है।
सट्टे का पैसा “आगे” पहुंचाने का खुलासा
जांच में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष जसवानी ऑनलाइन सट्टे से आने वाली रकम को आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचा रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि रकम किन बड़े सटोरियों या नेटवर्क ऑपरेटरों तक पहुंचाई जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और बैंकिंग ट्रांजेक्शन से कई अहम इनपुट मिले हैं, जिसके आधार पर आगे और बड़ी कार्रवाई संभव मानी जा रही है।
फरार सटोरियों पर पुलिस का शिकंजा
मामले में सामने आए बड़े नामों के खिलाफ बिलासपुर police लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपी रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। इससे साफ संकेत है कि पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की तैयारी में है।
सिविल लाइन पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में दहशत
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सिविल लाइन थाना की इस कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मोबाइल नेटवर्क के जरिए चल रहे सट्टे के इस खुलासे के बाद अब शहर में सक्रिय अन्य सट्टा सिंडिकेट्स पर भी पुलिस की नजर तेज हो गई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।