Latest news

भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ की चुनौती, सब जूनियर बेसबॉल टीमों को किट देकर किया रवाना

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में 16 से 22 मई तक आयोजित प्री नेशनल सब जूनियर बेसबॉल कोचिंग कैंप का गुरुवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किट वितरित की गई और प्रदेश की बालक एवं बालिका टीम को भुवनेश्वर रवाना किया गया। दोनों टीमें 24 से 29 मई तक आयोजित होने वाली 31वीं सब जूनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कैंप के दौरान खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों के साथ अनुशासन, टीम भावना और मानसिक मजबूती का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बेसबॉल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
समापन समारोह में प्रदेश बेसबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल, महासचिव मिताली घोष, उपाध्यक्ष डॉ. कैरोलाइन सत्तूर, कोषाध्यक्ष पूर्णिमा मिश्रा एवं सह सचिव अख्तर खान मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के सम्मान से जुड़ा अवसर है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ी का असली परिचय उसके समर्पण और मेहनत से होता है।
महासचिव मिताली घोष ने कहा कि टीम का चयन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और कठिन अभ्यास के आधार पर किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की टीम शानदार प्रदर्शन करेगी।
कैंप में अंतरराष्ट्रीय बेसबॉल खिलाड़ी लखन लाल देवांगन, संदीप गाहिरे, अंकुर राजक, नेहा यादव और भूमिका श्रीवास ने खिलाड़ियों को फील्डिंग, हिटिंग, कैचिंग और मैच प्रैक्टिस का विशेष प्रशिक्षण दिया।
रेलवे स्टेशन से रवाना हुई टीम
समापन के बाद छत्तीसगढ़ की बालक एवं बालिका बेसबॉल टीम को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से भुवनेश्वर के लिए रवाना किया गया। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को शुभकामनाएं देने बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
बालिका टीम में ये खिलाड़ी शामिल
रागिनी ध्रुव, सोनाली ध्रुव, आयुषी, चांदनी साहू, जयश्री, शालिनी मानिकपुरी, चैतली साहू, सुमन साहू, प्रियांशु, अदिति कुमारी, तृषा केसरी, खुशी, दिव्या, भूमि, दिव्या खिलेश्वरी निषाद, कामिनी एवं हर्षित मुकेश।
बालक टीम में ये खिलाड़ी शामिल
उत्कर्ष, पंकज, चंद्रेश कुमार, शुभम सेन, आर्यन पटेल, मानस कुमार, कमल, आशीष जांगड़े, चमन, हर्षवर्धन राय, दीपक कुमार, अथर्व दीवान, आरव दीवान, बलिराम, संजू, चिंटू साहू, राहुल कुमार एवं साहिल दास।
टीम के कोच एवं मैनेजर के रूप में अख्तर खान, लखन देवांगन, चेतना देवलिया और पायल साखरे खिलाड़ियों के साथ भुवनेश्वर रवाना हुए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।