Latest news

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव की ताकत झोंकने से वार्ड-29 का चुनावी मुकाबला गरमाया, कांग्रेस ने रैली में दिखाया शक्ति प्रदर्शन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। नगरीय निकाय चुनाव के अंतिम दौर में प्रचार अब पूरी तरह आक्रामक मोड़ पर पहुंच गया है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने रविवार को तार बहार वार्ड क्रमांक-29 में कांग्रेस प्रत्याशी आजम के समर्थन में भव्य जनसंपर्क रैली निकाली। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की तथा क्षेत्रवासियों से आशीर्वाद मांगा।
वार्ड की गलियों में निकली इस रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हाथों में पार्टी के झंडे, नारों और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली रैली ने पूरे क्षेत्र का माहौल चुनावी रंग में रंग दिया। स्थानीय नागरिकों ने भी जगह-जगह रैली का स्वागत किया।
रैली के दौरान राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और वार्ड स्तर पर भी विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और मजबूत प्रतिनिधित्व के लिए कांग्रेस प्रत्याशी आजम को भारी मतों से विजयी बनाएं।
इस मौके पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान लगातार मजबूत हो रहा है और जनता का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड क्रमांक-29 में कांग्रेस को सकारात्मक माहौल मिल रहा है।
रैली में पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
चुनावी माहौल के बीच वार्ड-29 अब राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, जहां दोनों प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की इस शक्ति प्रदर्शन रैली को पार्टी संगठन की सक्रियता और चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।