

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व-खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पुलिस सुपुर्दगी में सौंपे गए वाहन
जिला प्रशासन बिलासपुर ने अवैध खनन, बिना अनुमति बोर खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों में 11 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।
रात 11 बजे बसिया में दबिश, 4 बोर मशीन जब्त
तहसीलदार प्रकाश साहू के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने बुधवार देर रात ग्राम बसिया क्षेत्र में बिना अनुमति बोर खनन की सूचना पर कार्रवाई की। मौके पर अवैध रूप से बोर खनन करते पाए जाने पर दो वाहनों को जब्त कर सिरगिट्टी थाना पुलिस की सुपुर्दगी में सौंपा गया।
इसी तरह तिफरा क्षेत्र में भी अवैध बोर खनन की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने दो अन्य बोर मशीनों को जब्त किया। इस कार्रवाई के साथ दो दिनों में कुल 4 बोर मशीनों पर शिकंजा कसा गया।
बिना रॉयल्टी दौड़ रहे 4 हाइवा भी पकड़े गए
खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान में निरीक्षण के दौरान मुरूम और गिट्टी का बिना रॉयल्टी परिवहन करते पाए जाने पर 4 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया। इन वाहनों को सिरगिट्टी थाना और तोरवा थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।
रेत माफियाओं पर भी कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
इधर खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को सेलर, चोरहादेवरी, अकलतरी, गढ़वट, सरवनदेवरी, खैरखुंडी, रतनपुर, लोखंडी और तुरकाडीह समेत कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सेलर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया।
वहीं गढ़वट और लोखंडी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते दो अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन जब्त किए गए। जब्त तीनों वाहनों को रतनपुर थाना और कोनी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और बिना अनुमति बोर खनन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम को नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

