




अमर अग्रवाल बोले- लोकतांत्रिक मर्यादा तोड़ने वालों को जनता दे रही जवाब
वरिष्ठ भाजपा नेता और विधायक अमर अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अभद्र भाषा कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाती है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों व राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
अमर अग्रवाल ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार जनता का विश्वास खो रही है और इस प्रकार की बयानबाजी उसी का परिणाम है।
इसी विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं के सम्मान का संदेश देते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
विकास कार्यों की भी दी सौगात
राजनीतिक विरोध के बीच अमर अग्रवाल ने मगरपारा से भारत चौक तक बनने वाली नई सड़क का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं सुशासन तिहार के तहत नूतन चौक, सरकंडा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान अमर अग्रवाल ने जापान में आयोजित होने वाले हॉकी अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयनित बिलासपुर के खिलाड़ी अवि मानिकपुरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

