बिलासपुर/कोटा। जिले में अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। सोमवार को आबकारी टीम ने कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त की। मामले में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभागीय टीम को ग्राम गनियारी में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर तखतपुर वृत्त की आबकारी टीम ने गांव में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दिलेश्वरी वर्मा (46 वर्ष), पति राकेश वर्मा, के कब्जे से करीब 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
मामले में आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क/च), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त होने के बाद जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग ने इसी गांव में दो अन्य लोगों के खिलाफ भी जमानतीय प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि विभाग ने दोनों आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
कार्रवाई में तखतपुर वृत्त प्रभारी आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला, मुख्य आरक्षक सुभाष तिवारी एवं जयशंकर कमलेश की सक्रिय भूमिका रही। विभाग द्वारा जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा है।

