बिलासपुर | 14 अप्रैल 2026
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 36 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 7200 रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम सेवार में की गई। मामले में अपराध क्रमांक 212/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरिता वर्मा (36) निवासी वार्ड क्रमांक 02, दुर्गा चौक, ग्राम सेवार के रूप में हुई है।
पुलिस को 14 अप्रैल को ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के बाड़ी में हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बड़ी मात्रा में रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान एक पीले रंग की प्लास्टिक बोरी में 12 नग सफेद पारदर्शी पन्नियों में भरी शराब बरामद की गई। प्रत्येक पन्नी में 3-3 लीटर शराब भरी थी, इस तरह कुल 36 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही जब्ती कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश के मार्गदर्शन में की गई।



