

0- एसीसीयू और सरकंडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पाटलीपुत्र नगर में रेड
0- 6 किलो गांजा, 5.98 लाख नकद, वाहन और मोबाइल बरामद; अलग-अलग नाम से चला रहीं थीं नेटवर्क
0- पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले, कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई जारी
बिलासपुर। शहर में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीसीयू और सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो बहनें बताई जा रही हैं और नाम बदलकर अलग-अलग इलाकों में गांजा बिक्री का नेटवर्क चला रही थीं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 6 किलो गांजा, 5,98,030 रुपए नगद, 1 कार, 2 स्कूटी, 2 मोबाइल और 2 घड़ी सहित कुल 15,78,030 रुपए का सामान जब्त किया है।
पाटलीपुत्र नगर में रेड, कार-स्कूटी से कर रहीं थीं सप्लाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरकंडा थाना क्षेत्र के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं गांजा बेच रही हैं। सूचना के आधार पर एसीसीयू और थाना सरकंडा की टीम ने संयुक्त रेड कार्रवाई की।
मौके पर दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ी गईं।
दोनों बहनें, बदल-बदल कर रखती थीं नाम
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष)
सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष)
के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जयराम नगर (मस्तूरी) की निवासी हैं और वर्तमान में सरकंडा के पाटलीपुत्र नगर में रह रही थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों बहनें अलग-अलग नामों से पहचान बनाकर गांजा बिक्री का नेटवर्क चला रही थीं।
गांजा बिक्री से खरीदी स्कूटी, नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी
पूछताछ में मानकी केंवट ने बताया कि बरामद कार उसके परिचित की है, जिसे वह अपने उपयोग में रखी हुई थी। वहीं, गांजा बिक्री से मिली रकम से स्कूटी खरीदी गई थी, जिसका इस्तेमाल सप्लाई और वितरण में किया जा रहा था।
पहले से भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित तरीके से नशे का कारोबार करने की पुष्टि होती है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों महिलाओं के खिलाफ थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

