Latest news

श्मशान से ‘संस्कार धाम’ तक: भारतीय नगर मुक्तिधाम का कायाकल्प, 12 अप्रैल को होगा लोकार्पण

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर।
शहर के भारतीय नगर स्थित मुक्तिधाम अब बदले हुए स्वरूप में नजर आएगा। अग्रवाल समाज के अंतर्गत अग्रवाल सेवा समिति ने एक वर्ष के सतत सामाजिक सहयोग से मुक्तिधाम का कायाकल्प, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कर उसे सुव्यवस्थित रूप दिया है। इस नवविकसित मुक्तिधाम के निरीक्षण और औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन 12 अप्रैल, रविवार को सुबह 11 बजे किया जाएगा।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में विधायक अमर अग्रवाल शामिल होंगे। वहीं महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और सभापति विनोद सोनी भी उपस्थित रहेंगे।
एक साल में बदली तस्वीर, सामाजिक सहयोग से हुआ काम
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल और सचिव सुनील सोंथलिया ने बताया कि शहर के भारतीय नगर मुक्तिधाम की स्थिति पहले जर्जर हो चुकी थी। इसके सुधार और सुव्यवस्थित संचालन का जिम्मा अग्रवाल समाज ने लिया।
पिछले एक वर्ष से सामाजिक सहयोग के जरिए यहां निर्माण, रखरखाव और सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार किया गया।
आधुनिक और स्वच्छ सुविधाओं से सुसज्जित मुक्तिधाम
अग्रवाल सेवा समिति के सदस्य आनंद अग्रवाल, अजय जाजोदिया, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजुल जाजोदिया और अनिल अग्रवाल ने बताया कि मुक्तिधाम को अब साफ-सुथरे वातावरण, बेहतर व्यवस्थाओं और सुव्यवस्थित संचालन के साथ नया रूप दिया गया है।
यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को अब पहले से अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक माहौल मिलेगा।
सभी सामाजिक संगठनों को आमंत्रण
अग्रवाल सेवा समिति ने शहर के सभी सामाजिक और विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि समाज के सहयोग और सहभागिता से ही इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाया जा सकता है।
अब सेवा समिति ही करेगी संचालन
भारतीय नगर मुक्तिधाम के निर्माण और सौंदर्यीकरण के बाद अब इसका नियमित संचालन भी अग्रवाल सेवा समिति द्वारा ही किया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।