Latest news

डिजिटल सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 लाख कैश, ऑनलाइन ID से करोड़ों के दांव, 6 आरोपी दबोचे

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

रायपुर ,बिलासपुर ,छत्तीसगढ़।
क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा और पारंपरिक ‘पट्टी सिस्टम’ के जरिए अवैध कमाई का बड़ा नेटवर्क रायपुर में पुलिस के निशाने पर आ गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की कार्रवाई में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 लाख से ज्यादा नगदी सहित करीब 13 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। इस कार्रवाई ने शहर में सक्रिय डिजिटल सट्टा सिंडिकेट की परतें खोल दी हैं।
ओवरब्रिज के नीचे चलता था ‘ऑनलाइन सट्टा अड्डा’
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में टीम ने दबिश दी और मौके से दो आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम राजा साहू और अभय साहू बताया, जिनके मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा हुआ।
‘मास्टर आईडी’ से चलता था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी Cribet99 जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के ‘मास्टर आईडी’ का उपयोग कर सट्टा चला रहे थे।
वे अलग-अलग लोगों को आईडी उपलब्ध कराते थे और उसके एवज में कमीशन लेते थे। साथ ही कॉलिंग के जरिए सीधे क्रिकेट मैचों के हार-जीत और सेशन पर दांव लगवाया जाता था।
हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोचा, जिनमें हिस्ट्रीशीटर मंजीत सिंह भी शामिल है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट समेत करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं।
अन्य गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा शामिल हैं।
ऑनलाइन के साथ ‘पट्टी सिस्टम’ भी सक्रिय
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी केवल ऑनलाइन ही नहीं, बल्कि पारंपरिक सट्टा ‘पट्टी’ के माध्यम से भी दांव लगवा रहे थे।
इस दोहरे सिस्टम के जरिए वे बड़े पैमाने पर अवैध कमाई कर रहे थे।
9 लाख कैश समेत बड़ा जखीरा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
₹9,05,238 नगद
8 मोबाइल फोन
सट्टा पट्टी
कैलकुलेटर और पेन
जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग ₹13 लाख बताई गई है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 163/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
शहर में फैले सट्टा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ है कि रायपुर में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा था, जिसे अब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई के जरिए उजागर किया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।