Latest news

बिलासपुर…सीएम दौरे में सियासी टकराव: सर्किट हाउस पर भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता का हाई-वोल्टेज हंगामा, पुलिस से तीखी भिड़ंत का VIDEO वायरल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

प्रोटोकॉल रोक बना विवाद की वजह — “एसपी भी नहीं रोकते” कहकर भड़कीं, अंदर एंट्री को लेकर देर रात तक तनातनी
बिलासपुर, 30 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री के बिलासपुर दौरे के दौरान रविवार रात सर्किट हाउस में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता को अंदर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान उनकी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस और झड़प हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि सीएम के निर्धारित कार्यक्रम के चलते सर्किट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। प्रवेश को पूरी तरह प्रोटोकॉल के तहत सीमित रखा गया था और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी। इसी दौरान भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता वहां पहुंचीं और अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
इसी बात को लेकर मौके पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी झड़प में बदल गई। वायरल वीडियो में गौरी गुप्ता पुलिसकर्मियों से उलझते हुए नजर आ रही हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा — “तुम लोग प्रोटोकॉल नहीं जानते क्या? एसपी भी नहीं रोकते… एसपी से बात कराओ।”
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें समझाने की कोशिश करते रहे और सुरक्षा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए अंदर जाने की अनुमति नहीं होने की बात कहते रहे। हालांकि, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस जारी रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
गौरी गुप्ता ने खुद को भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बताते हुए नाराजगी जाहिर की और कहा कि उन्हें इस तरह रोका जाना उचित नहीं है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारी और निर्देशों का पालन करने की बात दोहराते रहे।
यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है, जब मुख्यमंत्री का बिलासपुर दौरा चल रहा था और सर्किट हाउस में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।