Latest news

छत्तीसगढ़ : बारनवापारा में ‘ब्लैकबक रिटर्न’, वैज्ञानिक पुनर्स्थापन से 34 काले हिरणों को मिला नया ठिकाना, दो चरणों में जंगल में छोड़ा गया

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

रायपुर, बिलासपुर30 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में काले हिरणों (ब्लैकबक) के संरक्षण और पुनर्स्थापन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अभयारण्य स्थित ब्लैकबक कंजर्वेशन सेंटर से कुल 34 काले हिरणों को वैज्ञानिक पद्धति के तहत दो चरणों में सफलतापूर्वक उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। इस वर्ष 60 ब्लैकबक के पुनर्स्थापन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वन विभाग के अनुसार, ब्लैकबक स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक तकनीकों और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए निष्पादित की गई। इससे बिना किसी व्यवधान के हिरणों को सुरक्षित तरीके से वन क्षेत्र में मुक्त किया जा सका। प्राकृतिक आवास में छोड़े गए ये हिरण रामपुर ग्रासलैंड में पहले से मौजूद काले हिरणों के समूह में जाकर शामिल हो गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि काले हिरणों के इस नए समूह के जुड़ने से क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र में सकारात्मक बदलाव आने की संभावना है। वन विभाग द्वारा इन हिरणों की निरंतर निगरानी भी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एक समय छत्तीसगढ़ की धरती से लगभग विलुप्त हो चुके काले हिरण अब पुनर्स्थापन के इन प्रयासों के जरिए फिर से अपने प्राकृतिक आवास में विचरण करते नजर आएंगे।
बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में काले हिरणों के संरक्षण कार्य प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पांडे के मार्गदर्शन, मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) सतोविशा समझदार के नेतृत्व तथा वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर के सक्रिय प्रयासों से संचालित किया जा रहा है।
इस संरक्षण अभियान के दौरान अधीक्षक बारनवापारा कृषाणु चंद्राकर, परिक्षेत्र अधिकारी सुश्री कविता ठाकुर एवं श्री सूर्यप्रकाश जाधव, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गीतेश बंजारे, फील्ड बायोलॉजिस्ट सौरव मेहरा, पशु चिकित्सक जयकिशोर जड़िया सहित अभयारण्य के समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।