Latest news

पानी टंकी पर खून… मामूली विवाद में मर्डर “आवाज देने पर भड़का गुस्सा, बांस के डंडे से सिर कुचल दिया”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


बिलासपुर।
बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। पानी टंकी की सीढ़ियों पर सो रहे युवक को आवाज देना इतना भारी पड़ा कि आरोपी ने गुस्से में बांस के डंडे से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बिलासपुर, 30 मार्च 2026।
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर बरभांठा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पानी टंकी के ऊपर सो रहे युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 29 मार्च 2026 को सूचक शत्रुहन धुरी ने थाना सीपत में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया। सूचना में बताया गया कि ग्राम सेलर बरभाठा स्थित पानी टंकी की सीढ़ियों पर राजू धुरी मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू की।
जांच में खुला हत्या का राज
मौके का निरीक्षण और गवाहों के बयान के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक राजू धुरी की हत्या बांस के डंडे से सिर पर वार कर की गई है। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी अनिल केंवट (40 वर्ष) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पानी टंकी की रेलिंग पर सोता था। 28 मार्च की रात करीब 9 बजे खाना खाकर सो रहा था, तभी राजू धुरी वहां आया और उसे आवाज देने लगा। आरोपी ने उसे वहां से जाने को कहा, लेकिन मृतक वहीं खड़ा रहा।
मामूली बात पर खून-खराबा
इसी बात को लेकर आरोपी का गुस्सा भड़क गया और उसने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर राजू धुरी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या का हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी अनिल केंवट पिता स्व. रामकुमार केंवट, उम्र 40 वर्ष, निवासी सेलर बरभांठा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।