प्रमोद नायक बोले—कार्यकर्ताओं ने भी बनाई दूरी, जनता ने किया किनारा; रिवर व्यू का आयोजन बना निशाने पर

बिलासपुर।
मुख्यमंत्री विष्णू देव साय के बिलासपुर दौरे पर अब सियासत खुलकर गरमा गई है। कांग्रेस नेता प्रमोद नायक ने सीएम के कार्यक्रम को पूरी तरह विफल करार देते हुए सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक दबाव के बावजूद कार्यक्रम में भीड़ नहीं जुट पाई।

प्रमोद नायक ने कहा कि शहर में मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रम तय थे, जिनमें रिवर व्यू में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा अनावरण का आयोजन भी शामिल था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा संगठन ने कार्यकर्ताओं को जुटाने के लिए निर्देश जारी किए, लेकिन इसके बावजूद मैदान खाली नजर आया।
“बसों में भरकर लाई गई भीड़”
कांग्रेस नेता ने आरोपों को और तेज करते हुए कहा कि कार्यक्रम में भीड़ दिखाने के लिए बसों का सहारा लिया गया। उनके मुताबिक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोगों को बसों में भर-भरकर कार्यक्रम स्थल तक लाया गया, इसके बाद भी स्थिति संभल नहीं सकी।
“कार्यकर्ता भी नहीं, जनता भी नहीं”
प्रमोद नायक ने कहा कि यह हालात केवल आम जनता की दूरी तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के भीतर भी उत्साह खत्म होता दिख रहा है। उनके अनुसार अब भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रमों में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं, जबकि आम लोग पहले ही दूरी बना चुके हैं।
रविवार, शहर का केंद्र… फिर भी सूना मंच
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शहर के बीचों-बीच, वह भी रविवार के दिन रिवर व्यू जैसे प्रमुख स्थान पर कार्यक्रम आयोजित होने के बावजूद कुर्सियां खाली रहना बहुत कुछ कहता है। इसे उन्होंने सीधे तौर पर सरकार की घटती स्वीकार्यता से जोड़कर देखा।
सियासत में बढ़ी तल्खी
सीएम के दौरे और कार्यक्रम की भीड़ को लेकर दिए गए इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। कार्यक्रम की सफलता और विफलता को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच अब खुली जंग जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं।

