Latest news

पावर लाइन चोरी कांड.. 11केवी लाइन के 6 पोल तोड़कर 500 मीटर तार चोरी, कबाड़ी तक पहुंची बिजली की लूट— पुलिस की बड़ी कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली ढांचे को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों द्वारा 11 केवी लाइन के पोल तोड़कर एल्यूमिनियम कंडक्टर चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड में चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

.

रायपुर (ग्रामीण), 29 मार्च 2026।
मामले के अनुसार, प्रार्थी जितेंद्र सिंह मरई, कनिष्ठ यंत्री, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर लिमिटेड, भानसोज ने 28 मार्च 2026 को थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि कुंडा-बड़गांव रोड स्थित कोल्हाल नाला के पास 11 केवी लाइन के 6 विद्युत पोल को तोड़कर करीब 500 मीटर (09 स्पैन) एल्यूमिनियम तार (कंडक्टर) चोरी कर लिया गया। चोरी की यह वारदात 25 मार्च को लाइन शटडाउन के दौरान शाम 5 बजे से रात 11 बजे के बीच अंजाम दी गई। चोरी गए तार की कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।
रिपोर्ट के आधार पर थाना मंदिर हसौद में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 155/26 धारा 303(2) बीएनएस एवं 136(1) छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम 2003 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, एसडीओपी लंबोदर पटेल और थाना प्रभारी आशीष यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्धों पर निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। वारदात के तरीके को देखते हुए पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की भी तस्दीक की गई।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बाहनाकाड़ी निवासी जगमोहन नारंग, जो कबाड़ी का काम करता है, उसके पास बिजली का एल्यूमिनियम तार मौजूद है। सूचना की पुष्टि पर पुलिस टीम ने उसके कबाड़ी दुकान में दबिश दी, जहां से चोरी हुआ एल्यूमिनियम कंडक्टर बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 25 मार्च की रात दो अज्ञात व्यक्ति चार पहिया वाहन से आए थे और उक्त तार उसे बेचकर चले गए। पुलिस ने आरोपी जगमोहन नारंग उर्फ भोला (29 वर्ष), निवासी ग्राम बाहनाकाड़ी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके कब्जे से लगभग 2 क्विंटल 25 किलोग्राम वजनी एल्यूमिनियम तार, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है, जब्त किया गया। मामले में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम अब इस संगठित चोरी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।