मिनी स्टेडियम गांधी चौक में खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधकर दी स्व. राकेश बाटवे को श्रद्धांजलि
बिलासपुर ,छत्तीसगढ़।
बिलासपुर यूथ एंड वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग (DPL) ‘उन्नति कप’ का शानदार आगाज़ स्थानीय मिनी स्टेडियम (गांधी चौक) में हुआ। खेल और उत्साह के इस महाकुंभ का शुभारंभ अतिथियों के गरिमामय उपस्थिति के बीच राष्ट्रगान के साथ किया गया।
दिवंगत व्यायाम शिक्षक को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
प्रतियोगिता के प्रारंभ में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें व्यायाम शिक्षक संघ के सचिव स्व. राकेश बाटवे के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ-साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए बांह पर काली पट्टी बांधकर मैच खेला।
खेल जगत की विभूतियों का हुआ सम्मान
बिलासपुर यूथ एंड वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया जिसमें
सुशील मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, सॉफ्टबॉल संघ)
सुश्री मिताली घोष (उपाध्यक्ष, भारतीय बेसबॉल संघ)
अखिलेश मेहता (विशेष योगदान, खेल जगत)
को उनकी खेल सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
आयोजन समिति के अध्यक्ष अख्तर खान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धीरेंद्र बाजपेई (अध्यक्ष, डीबी वेंचर्स), प्रिंस भाटिया (अध्यक्ष, फाउंडेशन क्रिकेट अकादमी), श्रवण श्रीवास्तव (डायरेक्टर, उन्नति ग्रुप), डॉ. पलक जायसवाल (अध्यक्ष, जीटीबी ग्रुप) एवं श्रीमती रेवती यादव (अध्यक्ष, शिवसेना महिला प्रकोष्ठ) उपस्थित रहीं।
डीपीएल सीजन 4 के दूसरे दिन कोरबा एजुकेशन, बिलासपुर पुलिस और सकरी पुलिस का दबदबा
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वेद शर्मा और तदबीर की आतिशी पारी रही आकर्षण का केंद्र
बिलासपुर यूथ एंड वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित डिपार्टमेंटल प्रीमियर लीग (डीपीएल) ‘उन्नति कप’ सीजन-4 के दूसरे दिन मिनी स्टेडियम में रोमांचक मुकाबलों की झड़ी लगी रही। शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन और बैंकिंग क्षेत्र की टीमों के बीच हुए कड़े संघर्ष में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया जहां दिन का पहला मैच एजुकेशन इलेवन कोरबा और बेमेतरा गुरुजी इलेवन के बीच हुआ। शुरुआती झटकों के बावजूद कप्तान वेद शर्मा की सूझबूझ और सुमित सोनी की 14 गेंदों में 43 रनों की तूफानी पारी की मदद से कोरबा ने 106 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में बेमेतरा की टीम मात्र 60 रनों पर सिमट गई। कोरबा ने 45 रनों से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच का खिताब कप्तान वेद शर्मा (24 रन, 3 विकेट) को मनीष चंद्रा के हाथो प्रदान किया।
दूसरे मैच में जांजगीर जेल ने 70 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक मोड़ पर 5 गेंद शेष रहते जीत हासिल की। शानदार गेंदबाजी के लिए हेमलाल (3 विकेट) को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रेस क्लब के सचिव संदीप परिहार के हाथ दिया गया
तीसरे मैच में एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग बिलासपुर को हराते हुए कोरबा एजुकेशन ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत पक्की की। वेद शर्मा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गेंद में 32 रन बनाए और 2 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें पुनः मैन ऑफ द मैच दिया गया।
चौथे मैच में बिलासपुर पुलिस के बल्लेबाज तदबीर ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए 54 रनों की आतिशी पारी खेली। पुलिस टीम ने 133 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए जांजगीर जेल की टीम मात्र 63 रनों पर ढेर हो गई। तदबीर को उनकी धुआंधार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच पंकज खंडेलवाल के हाथों से प्रदान किया गया ।
पांचवें मुकाबले में ओजस्वी बिसेन के ऑलराउंड खेल (2 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट और 14 गेंद में 36 रन) की बदौलत केनरा बैंकर्स ने पॉलिटेक्निक तखतपुर के 46 रनों के लक्ष्य को आसानी से पार कर लिया। इस मैच के ओजस्वी मैन ऑफ द मैच प्रदान किया गया।
दिन के अंतिम मैच में सकरी पुलिस ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय को सुनील की धारदार गेंदबाजी (2 ओवर, 9 रन, 3 विकेट) के दम पर 58 रनों पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए रजनेश की 11 गेंदों में 33 रनों की पारी की मदद से सकरी पुलिस ने मात्र 5.2 ओवर में ही मैच जीत लिया।
आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका
टूर्नामेंट को सफल बनाने में योगेश पाण्डेय, विवेक दुबे, देव रूद्रकर, प्रदीप पाण्डेय, जयप्रकाश मानिकपुरी, परिवेश दीवान, आसिफ अली, सृजन जायसवाल, अजय साहू, अमलेश पाली, सौरभ मजूमदार, मोहम्मद अजहरूद्दीन, किरण निषाद और प्रकाश धुरी निरंतर जुटे हुए हैं।

