Latest news

एक थप्पड़ का बदला बना मौत — कोटा में लाठी-डंडों से पीटकर 52 वर्षीय व्यक्ति की पांच लोगों ने मिलकर कर दी हत्या, एक और घायल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर/कोटा। कुछ दिन पहले मामूली विवाद में उठे एक थप्पड़ ने देखते ही देखते खौफनाक मोड़ ले लिया। एक थप्पड़ का जवाब देने के नाम पर 52 वर्षीय व्यक्ति की लाठी-डंडों और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना थाना कोटा क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मुख्य आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहन पांडे (52 वर्ष), पिता स्व. जगदीश प्रसाद पांडे, निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, हाल मुकाम गनियारी भादम, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लकड़ी चोरी की बात को लेकर हुए विवाद में पहले थप्पड़ चला, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया।
आरोप है कि राजा राम साहू (21 वर्ष), पिता चेतराम साहू, निवासी ग्राम करगी खुर्द, अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मृतक पर टूट पड़ा। आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ-साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की। हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिटाई के दौरान ही मोहन पांडे ने दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शरद कौशिक, निवासी ग्राम गनियारी, भी हमले में घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा राम साहू को हिरासत में ले लिया। वहीं, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जहां वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मौके का बारीकी से निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

वर्जन

नूपुर उपाध्याय

(एसडीओपी कोटा):

कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि कुछ दिन पूर्व लकड़ी चोरी के संदेह को लेकर हुए विवाद में मृतक द्वारा आरोपी को एक थप्पड़ मारा गया था। इसी बात को लेकर रंजिश बनी हुई थी, जिसके चलते आज आरोपियों ने मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिसमें मृतक की मौत हो गई। मामले में संलिप्त सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।