बिलासपुर/रायपुर | बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब 75 वर्षों से लंबित सिंचाई समस्या के समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने नेवसा उद्वहन सिंचाई योजना को 48 करोड़ 92 लाख 61 हजार रुपये की लागत से प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। योजना के लागू होने से क्षेत्र के करीब 1800 हेक्टेयर कृषि भूमि को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और किसानों को खेती के लिए भरोसेमंद जल स्रोत उपलब्ध होगा।
यह स्वीकृति बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के लगातार प्रयासों के बाद मिली है। उन्होंने लंबे समय से क्षेत्र के किसानों की इस समस्या को शासन के सामने उठाते हुए योजना को मंजूरी दिलाने के लिए पहल की थी।
जानकारी के अनुसार बेलतरा क्षेत्र के कई गांव खूंटाघाट (खारंग जलाशय) के पास होने के बावजूद दशकों से सिंचाई सुविधाओं से वंचित थे। जलाशय के नजदीक होने के बावजूद किसानों को खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाने के कारण कृषि कार्य में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
लिफ्ट इरिगेशन से खेतों तक पहुंचेगा पानी
नेवसा उद्वहन सिंचाई योजना के तहत लिफ्ट इरिगेशन प्रणाली विकसित की जाएगी। इसमें जल स्रोत से पानी को पंप या मोटर की मदद से ऊपर उठाकर पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे ऊंचाई पर स्थित खेतों को भी सिंचाई का लाभ मिल सकेगा।
योजना के तहत खारंग जलाशय से सोलर पंप और पाइपलाइन के माध्यम से
लगभग 1400 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसल
लगभग 400 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसल
यानी कुल मिलाकर लगभग 1800 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
15 से अधिक गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना के क्रियान्वयन से नेवसा, गिधौरी, कर्रा, जाली, टेकर, गढ़वट, अकलतरी, बाम्हु, बेलतरा, कड़री, सलखा, लिम्हा सहित लगभग 15 से अधिक गांवों के किसान सीधे लाभान्वित होंगे। सिंचाई सुविधा मिलने से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का जताया आभार
विधायक सुशांत शुक्ला ने योजना को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और किसानों व ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
किसानों ने जताया आभार
क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने भी इस योजना को स्वीकृति मिलने पर राज्य सरकार और विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि योजना के लागू होने से बेलतरा क्षेत्र में खेती और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

