Latest news

करोड़ों के कारोबार वाले व्यापार विहार की सुरक्षा ध्वस्त: व्यापारियों में है दहशत, कार से 8 लाख उड़ाए, बाजार में हड़कंप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

देश के बड़े थोक बाजारों में शुमार बिलासपुर के व्यापार विहार में वारदात… शटर गिराते व्यापारी की कार से कैश बैग पार, सुरक्षा इंतजामों पर तीखे सवाल
बिलासपुर। शहर के सबसे बड़े और संवेदनशील कारोबारी इलाके व्यापार विहार में शनिवार रात हुई 8 लाख रुपए की चोरी ने पूरे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। रोजाना करोड़ों रुपए के लेन-देन वाले इस थोक बाजार में एक शातिर युवक ने फिल्मी अंदाज में कार से नगदी से भरा बैग पार कर दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी।

घटना रात करीब 8:30 बजे की है। हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक दिनभर का कारोबार समेटकर दुकान का शटर गिरा रहे थे। इससे पहले उन्होंने दुकान के गल्ले से नगदी निकालकर करीब 8 लाख रुपए से भरा बैग अपनी कार में रख दिया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी ने चुपचाप कार का दरवाजा खोला और कैश बैग उठाकर भीड़ में गायब हो गया।
शटर बंद करते रहे व्यापारी, कैश बैग लेकर निकल गया आरोपी
पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी को इसका अंदाजा तक नहीं हुआ। जब वे दुकान बंद कर कार के पास पहुंचे तो कार में रखा बैग गायब था। बैग में दिनभर की बिक्री की करीब 8 लाख रुपए नकदी रखी हुई थी।
अचानक कैश बैग गायब होने का पता चलते ही व्यापारी के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
CCTV खंगाल रही पुलिस, आरोपी की तलाश
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान हो सके। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
देशभर से पहुंचते व्यापारी, फिर भी सुरक्षा पर सवाल
व्यापार विहार सिर्फ बिलासपुर ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र का बड़ा व्यापारिक केंद्र माना जाता है। यहां रोजाना करोड़ों रुपए का कारोबार होता है और जिले ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों से भी बड़ी संख्या में व्यापारी खरीद-बिक्री के लिए पहुंचते हैं।
ऐसे बड़े बाजार के बीचोंबीच कार से लाखों रुपए गायब हो जाने की घटना ने व्यापारियों के बीच गहरी चिंता और दहशत पैदा कर दी है।
बाजार में सुरक्षा इंतजामों की पोल
व्यापार विहार के व्यापारी लंबे समय से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। इतना बड़ा कारोबारी क्षेत्र होने के बावजूद यहां स्थायी पुलिस चौकी नहीं है और रात के समय पुलिस की मौजूदगी बेहद सीमित रहती है।
व्यापारियों का कहना है कि लाखों-करोड़ों के कारोबार वाले बाजार में सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर दिखाई देती है।
खुद व्यापारियों ने किए इंतजाम
व्यापार विहार के व्यवसायियों ने अपनी ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी पहल की है। बाजार क्षेत्र में व्यापारियों ने लाखों रुपए खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। इसके अलावा रात के समय 6 निजी सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहते हैं।
इसके बावजूद शनिवार रात हुई वारदात ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि इतने बड़े बाजार में सुरक्षा व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है।
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने जताई चिंता
व्यापारी संघ के अध्यक्ष नानक खाटूजा का कहना है कि व्यापार विहार में पहले रात के समय चोरी जैसी घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगा था, लेकिन ताजा घटना ने व्यापारियों को फिर से चिंतित कर दिया है।
वहीं कोषाध्यक्ष गोपाल सिंघानिया ने कहा कि व्यापार विहार जैसे बड़े कारोबारी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित होने से व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सकती है।
फैक्ट फाइल
स्थान: व्यापार विहार, बिलासपुर
समय: रात करीब 8:30 बजे
पीड़ित: हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक
चोरी गई राशि: लगभग ₹8,00,000
तरीका: कार का दरवाजा खोलकर कैश बैग पार
कार्रवाई: CCTV फुटेज की जांच, आरोपी की तलाश जारी

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।