Latest news

असम के कोकराझार में केंद्रीय मंत्री एवं बिलासपुर के सांसद तोखन साहू का संगठन मंत्र, कार्यकर्ताओं से बोले—बूथ ही भाजपा की असली ताकत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


Bilaspur बिलासपुर।
असम के कोकराझार लोकसभा क्षेत्र में भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने संगठनात्मक प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकों का दौर चलाया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की असली शक्ति उसका बूथ कार्यकर्ता है। साहू के इस दौरे से कोकराझार संसदीय क्षेत्र में भाजपा संगठन में नई ऊर्जा देखने को मिली।


कोकराझार में डाला डेरा, लगातार बैठकों का दौर
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू अपने प्रवास के दौरान कोकराझार लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय रूप से संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे रहे। उन्होंने चिरांग जिले के बिजनी विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में भाजपा पदाधिकारियों, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।
इन बैठकों में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही एनडीए के सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर क्षेत्र में गठबंधन की भूमिका को और मजबूत बनाने पर विचार किया गया।
बोले—भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन बन चुकी है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के देशभर में 18 करोड़ से अधिक सदस्य हैं और 11 लाख से अधिक सक्रिय बूथ संगठन भाजपा की जमीनी ताकत को दर्शाते हैं।
साहू ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता भाजपा की विचारधारा, संगठन और जनसेवा की परंपरा का सबसे मजबूत आधार है।
मोदी के नेतृत्व को बताया प्रेरणा
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में सेवा, सुशासन और विकास की नई राजनीति स्थापित हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यही विचारधारा संगठन को देशभर में मजबूत बना रही है।
असम सरकार के कामकाज की भी सराहना
साहू ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य में संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय के कारण विकास कार्यों की गति तेज हुई है और जनता का विश्वास भी लगातार बढ़ा है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि तोखन साहू का यह प्रवास संगठन के लिए प्रेरणादायक रहा है और इससे जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।