Bilaspur बिलासपुर। बिलासपुर में बिजली बिल बकायादारों पर विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। सकरी उपसंभाग में विशेष कार्रवाई के दौरान 81 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि 46 बकायादारों से 5 लाख 9 हजार 828 रुपए की वसूली की गई। बकाया राशि नहीं चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर कार्रवाई की।
8 टीमों ने चलाया संयुक्त अभियान
बिजली विभाग के जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक बकाया राशि की वसूली और लाइन विच्छेदन के लिए कुल 8 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने सकरी उपसंभाग के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की।
यह अभियान बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबष्ट के निर्देश तथा अधीक्षण यंत्री सुरेश कुमार जांगड़े के मार्गदर्शन में चलाया गया।
असमा कॉलोनी के 7 कनेक्शन पर 15.36 लाख बकाया
अभियान के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर भारी बकाया पाया गया, उनमें असमा कॉलोनी के 7 कनेक्शन शामिल रहे। इन कनेक्शनों पर कुल 15 लाख 36 हजार रुपए का बिजली बिल बकाया दर्ज किया गया, जिसके बाद विभाग ने लाइन विच्छेदन की कार्रवाई की।
इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए
कार्रवाई के दौरान कई अन्य उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी बकाया राशि के कारण काटे गए। इनमें प्रमुख रूप से—
ग्राम मेंड्रा के राजकुमार – 83,974 रुपए बकाया
संस्कृति विहार की साधना सूर्यवंशी – 64,731 रुपए
पंकज कुमार – 62,164 रुपए
असमा सिटी के राजेश वर्मा – 51,006 रुपए
सकरी की पूजा साहू – 44,233 रुपए
श्यामा साहू – 44,016 रुपए
ग्राम सईदा के दीपक कुमार सूर्यवंशी – 40,837 रुपए
सागरदीप के अनिल कुमार गुप्ता – 39,120 रुपए
ग्राम सईदा की श्याम बाई – 37,458 रुपए
रामा लाइफ सिटी के तरुण कुमार त्रिवेदी – 37,116 रुपए
सकरी के परदेशी – 35,779 रुपए
इन सभी उपभोक्ताओं पर बकाया राशि पाए जाने पर विभाग की टीम ने बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए।
अभियान में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में कार्यपालन यंत्री सिटी विजिलेंस सी.पी. गढ़ेवाल, एस.के. मुख्तार, श्रीमती पूर्णिमा सिंह, अनुपम सरकार, सहायक यंत्री प्रमोद कुमार चौबे, जीतेश दिव्य, वरदान खलखो, कनिष्ठ यंत्री कु. कंचन खूंटे सहित सकरी उपसंभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विद्युत विभाग के अनुसार बकाया राशि की वसूली और लाइन विच्छेदन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



