Latest news

“‘सुशासन’ मतलब ‘सूखा नशा आसान’?”: भूपेश बघेल का ट्वीट, भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती का आरोप, सरकार से पूछे 5 सवाल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

दुर्ग ,रायपुर बिलासपुर।छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर अवैध नशे के मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर पोस्ट कर भाजपा से जुड़े एक नेता पर अफीम की खेती का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार और गृह मंत्री से जवाब मांगा है। बघेल ने अपने ट्वीट में दावा किया है कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की खेती की जा रही है। साथ ही उन्होंने ‘नया मलिक’ नामक कथित नशा तस्कर का जिक्र करते हुए सरकार से कई सवाल भी पूछे हैं।
ट्वीट में क्या लिखा पूर्व मुख्यमंत्री ने
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा कि “Part 2 – ‘सुशासन’ मतलब ‘सूखा नशा आसान’”
उन्होंने दावा किया कि जिस खेत में अफीम की खेती हो रही है, वह भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का है और यह खेत दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में स्थित है।
बघेल ने लोगों से तस्वीरों को ध्यान से देखने की बात कहते हुए लिखा कि कुछ दिन पहले विधानसभा में उन्होंने सूखे नशे के मुद्दे पर गृह मंत्री विजय शर्मा से सवाल पूछे थे, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
उनके मुताबिक, प्रदेश में सूखे नशे की तस्करी से जुड़ा एक नाम “नया मलिक” भी सामने आया है, जिसका नाम सरकार की सूची में नहीं था, जबकि राज्य में इस नाम को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।
अफीम की खेती को लेकर लगाया आरोप
अपने पोस्ट में बघेल ने कहा कि कमल के फूल वाली पार्टी के नेता अपने लगभग 10 एकड़ के खेत में अब अफीम के पौधे और फूल उगा रहे हैं।
उन्होंने यह भी लिखा कि अफीम के पौधों से ही अवैध मादक पदार्थ हेरोइन का निर्माण किया जाता है और इसी से जुड़े नेटवर्क की बात सामने आ रही है।
बघेल के अनुसार, नया मलिक को हेरोइन सप्लायर के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस नाम को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं और जब विभिन्न घटनाओं को जोड़ा जाता है तो मामला बड़ा दिखाई देता है।


सरकार से मांगे जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा को टैग करते हुए कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए।
बघेल ने जिन सवालों का जिक्र किया, उनमें प्रमुख रूप से ये बिंदु शामिल हैं:
अफीम की इस खेती में कौन-कौन मंत्री या अधिकारी शामिल हैं?
नया मलिक का नाम सरकार की सूची से किसने हटाया?
नया मलिक कितनी बार विदेश गया और किसके साथ गया?
विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब आया है?
विनायक ताम्रकार के किन-किन नेताओं और अधिकारियों से संबंध हैं?
विधानसभा में भी उठ चुका है सूखे नशे का मुद्दा
भूपेश बघेल ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ विधानसभा में उन्होंने सूखे नशे के बढ़ते मामलों को लेकर गृह मंत्री से सवाल पूछे थे। उस दौरान उन्होंने प्रदेश में ड्रग्स और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर जानकारी मांगी थी।
बघेल का कहना है कि उस चर्चा के दौरान दिए गए जवाबों में कई सवालों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया था। इसी संदर्भ में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए यह मुद्दा दोबारा उठाया है।
सोशल मीडिया पर बढ़ी राजनीतिक चर्चा
पूर्व मुख्यमंत्री के इस पोस्ट के बाद प्रदेश की राजनीति में इस विषय पर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बघेल ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि “आपकी चुप्पी जनता के संदेह को विश्वास में बदल रही है”, जिससे संकेत मिलता है कि वे इस मामले में सरकार से आधिकारिक प्रतिक्रिया की अपेक्षा कर रहे हैं।
‘सूखा नशा’ को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ वर्षों में सिंथेटिक ड्रग्स, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों को लेकर समय-समय पर राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। पुलिस और नारकोटिक्स एजेंसियों द्वारा अलग-अलग जिलों में कार्रवाई के दौरान कई बार नशे से जुड़े नेटवर्क का खुलासा भी हुआ है।
इसी पृष्ठभूमि में भूपेश बघेल का यह नया ट्वीट प्रदेश की राजनीति में एक और बहस का विषय बन गया है, जिसमें उन्होंने सीधे तौर पर सरकार से जवाब मांगा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।