बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। शादी की सालगिरह मनाने निकला परिवार खुशियों के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस लौटने से पहले ही तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल का कहना है कि वे लोग यादव ढाबा में खाना पैक करा कर उसलापुर जा रहे थे, साथी वे लोग किसी टेंडर में शामिल होने की भी बात कर रहे थे। घायल एक व्यक्ति को सिम्स से निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग रात में यादव ढाबा पर सालगिरह मनाने पहुंचे थे। लौटते वक्त यह भीषण हादसा हो गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिलासपुर-रायपुर रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी में सभी मृतक तखतपुर-मुंगेली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी।
ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है — आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इसकी वजह हो सकती है।
परिवारों में मातम
शादी की सालगिरह की खुशियां कुछ ही घंटों में चीख-पुकार में बदल गईं। घटना की खबर मिलते ही तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजन बिलासपुर पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
. प्रकाश राठे (36 वर्ष, पुरुष)
पता: ग्राम कल्का, थाना सकरी
लाया गया: 27/02/26, 3:50 AM
स्थिति: घायल
2. विशाल साहू (23 वर्ष, पुरुष)
पिता: राजकुमार साहू
पता: बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
3. अमन साहू (15 वर्ष, पुरुष)
पिता: संजय साहू
पता: बिरगहनी, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
4. देवेंद्र मिश्रा (34 वर्ष, पुरुष)
पिता: राजेंद्र मिश्रा
पता: सेपत खोरजिती, थाना सीपत
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
5. छत्रपाल राठे (37 वर्ष, पुरुष)
पिता: बलराम राठे
पता: करायझार, थाना तखतपुर
लाया गया: 27/02/26, 5:10 AM
स्थिति: ब्रॉट डेड (मॉर्च्युरी)
अपडेट जारी…

