बिलासपुर। सोमवार दोपहर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में जिला पंचायत बिलासपुर और जिला निर्वाचन कार्यालय बिलासपुर के पीछे आग लगने से हड़कंप मच गया। भवन के पीछे से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में वहां से गुजरे केबल में धमाके जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं। आग फैलने की आशंका से परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एहतियातन बिजली सप्लाई तत्काल बंद कर दी गई और दमकल विभाग को सूचना दी गई। उस समय शहर के तीसरे स्थान पर लगी आग को बुझाने में पहले से तीन दमकल लगी थीं, इसके बावजूद दो दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुए और समय पर पहुंचे।
दमकल का रास्ता वाहनों ने रोका
मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों को जिला पंचायत परिषद परिसर के बाहर और अंदर खड़े वाहनों के कारण रास्ता नहीं मिल सका। कुछ समय तक दोनों दमकल बाहर ही फंसी रहीं। इस दौरान कर्मचारियों ने खुद मोर्चा संभाला और बाल्टियों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
SIR से जुड़े दस्तावेज और EVM सुरक्षित
जानकारी के मुताबिक जिला निर्वाचन कार्यालय में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) भी यहीं संरक्षित हैं। आग अगर दोनों दफ्तरों तक फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
आग लगने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह दफ्तर के पीछे स्थित बस्ती की ओर से आने वाले युवकों द्वारा जलती सिगरेट या बीड़ी कूड़ेदान में फेंके जाने को माना जा रहा है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के दौरान दमकल को रास्ता नहीं मिलने से परिसर की सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए। फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और दोनों कार्यालयों का कामकाज सामान्य बताया गया है।

