Latest news

तिफरा की अनव इंडस्ट्रीज में भीषण आग, केमिकल गोदाम से उठीं लपटें; 3 घंटे बाद पाया गया काबू

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर।
शहर से लगे तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्रीज में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में केमिकल, पेंट, टाइल्स और पुट्टी का निर्माण किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोज की तरह कर्मचारी काम में जुटे थे, तभी गोदाम के पास अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई और कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
केमिकल और पेंट में आग लगने से धुआं तेजी से फैल गया और पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया। आग लगने के बाद कर्मचारी हरकत में आए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
तिफरा थाना प्रभारी टीआई किशोर केंवट ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि फैक्ट्री में बिजली का काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने के बाद कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
दमकल की चार गाड़ियां मौके पर, 3 घंटे बाद काबू
आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में दो दमकल वाहनों से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन केमिकल और पेंट में आग होने के कारण लपटें तेज बनी रहीं। पानी की लगातार बौछारों के बाद भी आग पर तुरंत नियंत्रण नहीं हो सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल बुलाई गई और कुल चार दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। आग पर काबू पाने में तीन घंटे से अधिक समय लग गया। इसके बाद आग को फैलने से रोका जा सका।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद आसपास के उद्योग संचालक, दुकानदार और कर्मचारी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में आग से निपटने के लिए पर्याप्त फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं था। कर्मचारियों के बचाव के उपायों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल और पेंट जैसी ज्वलनशील सामग्री के भंडारण को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
आसपास के इलाकों में भी फैला धुआं और दहशत
आग के दौरान उठे घने धुएं का असर आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों तक पहुंचा।
कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रहे मजदूरों को कुछ समय के लिए बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर स्थिति का आकलन कर रही है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।