Latest news

बिलासपुर में ऐसी दरिंदगी की रूह तक कांप उठे…नशे के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने फावड़े से काट डाला पिता को

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मन्नाडोल इलाके में एक बेटे ने महज नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अपने ही पिता को फावड़े से बेरहमी से काट डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


मामूली पैसों का विवाद बना खूनी संघर्ष
जानकारी के अनुसार, मन्नाडोल क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय नीतू ध्रुव ने अपने 65–70 वर्षीय पिता मनराखन नेताम/ध्रुव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी है और अक्सर पैसों को लेकर अपने पिता से विवाद करता रहता था।
घटना वाले दिन भी उसने नशे के लिए पैसे मांगे। पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे फावड़े से पिता पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मनराखन नेताम के शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर वार किए गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मजदूरी कर परिवार चलाते थे पिता


ग्रामीणों के मुताबिक मनराखन नेताम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका स्वभाव शांत बताया जा रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से बेटे की नशे की आदत से परेशान थे और घर में अक्सर पैसों को लेकर विवाद होता था।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस रिश्ते के खून से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में


घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और नशे की लत को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की यह वारदात एक बार फिर बिलासपुर जिले में नशे से जुड़े अपराध की भयावह तस्वीर सामने ला रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।