बिलासपुर। सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जनवरी से अब तक शराब पीकर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं। वहीं 1300 से ज्यादा बिना हेलमेट वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस के आंकड़ों में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसी समयावधि में अब रोजाना विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।



वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में की जा रही है।
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग कर निम्न उल्लंघनों पर सख्ती बरती जा रही है—
शराब सेवन कर वाहन चलाना
बिना हेलमेट व सीट बेल्ट
तेज और लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग
गलत दिशा में वाहन संचालन
फर्जी/गलत नंबर प्लेट
मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग
खतरनाक स्टंट
ITMS से 7500 से ज्यादा ऑनलाइन चालान
यातायात पुलिस ने ITMS (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए 7500 से अधिक नियम तोड़ने वालों पर ऑनलाइन चालानी कार्रवाई की है। सभी प्रकरणों में समन शुल्क अधिरोपित कर वसूली की जा रही है।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले सभी 450 से अधिक मामलों को न्यायालय भेजा गया, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया।
क्यों हो रहे हादसे?
पुलिस की समीक्षा में सामने आया कि—
तेज रफ्तार और लापरवाही
नशे में ड्राइविंग
हेलमेट/सीट बेल्ट नहीं लगाना
ये तीन प्रमुख कारण जानलेवा साबित हो रहे हैं। हादसों में मौत की बड़ी वजह सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी है।

