Latest news

बिलासपुर का बृहस्पति बाजार अब नई पहचान की ओर, 14 करोड़ से बनेगा मल्टी लेवल सब्जी बाजार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

ट्रैफिक जाम, गंदगी और बदबू से मिलेगी राहत; शनिचरी मार्ग पर अस्थायी शिफ्टिंग की तैयारी तेज


बिलासपुर। शहर के प्रसिद्ध बृहस्पति बाजार को आधुनिक और सुव्यवस्थित रूप देने की दिशा में जिला प्रशासन और नगर निगम ने कदम तेज कर दिए हैं। लंबे समय से ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था, गंदगी और बदबू जैसी समस्याओं से जूझ रहे इस बाजार को अब मल्टी लेवल सब्जी बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में प्रस्ताव पारित हो चुका है और डीएमएफ मद से लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।


242 पक्के चबूतरे और आधुनिक सुविधाएं


कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद 242 पक्के चबूतरे, व्यवस्थित पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बाजार तैयार होगा। इससे व्यापारियों को स्थायी और सुरक्षित स्थान मिलेगा, वहीं ग्राहकों को भी सुगम और स्वच्छ वातावरण में खरीदारी की सुविधा उपलब्ध होगी।
फिलहाल 217 व्यापारियों ने अपने दस्तावेज जमा कर दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी पात्र व्यापारियों को सर्वसुविधा युक्त दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।
शनिचरी मार्ग पर अस्थायी शिफ्टिंग
निर्माण कार्य के दौरान बाजार को अस्थायी तौर पर शनिचरी मार्ग स्थित गोंड़पारा के मुन्नूलाल शुक्ला स्कूल मैदान में शिफ्ट किया जाएगा। नगर निगम द्वारा इस संबंध में नोटिस जारी किए जाने के बाद व्यापारियों में हलचल देखी गई है।
व्यापारियों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना है कि खुले मैदान में धूल, शेड की कमी और सुरक्षा व्यवस्था जैसी चुनौतियों पर प्रशासन को ध्यान देना होगा।
अलग पहचान की दिशा में कदम
बृहस्पति बाजार को नई संरचना के साथ विकसित करने की योजना शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। वर्तमान में बाजार के कारण मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रैफिक दबाव कम होने और बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासन और नगर निगम की तैयारियों के बीच अब सभी की निगाहें इस बदलाव पर टिकी हैं, जो शहर के पारंपरिक बाजार को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।