Latest news

नगर निगम सामान्य सभा के बीच चक्काजाम: कांग्रेस के 7 नेताओं पर एफआईआर, कांग्रेस अध्यक्ष सिधांशु ने कहा : हम डरने वाले नहीं

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

नगर निगम सामान्य सभा के दौरान प्रदर्शन, टीआई बोले– आवागमन बाधित करने पर केस दर्ज
बिलासपुर। नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक के दौरान मिशन अस्पताल रोड पर चक्काजाम करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष समेत सात कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान रास्ता रोककर आवागमन बाधित किया गया, जिसके चलते कार्रवाई की गई।


घटना शुक्रवार की है, जब नगर निगम की सामान्य सभा लखीराम ऑडिटोरियम में चल रही थी। इसी दौरान मिशन अस्पताल रोड पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम किया। पुलिस ने मामले में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पार्षद दिलीप पाटिल, अर्पित केशरवानी, रंजीत सिंह, विक्की आहूजा और शहजादा खान सहित अन्य के खिलाफ बलवा और रास्ता रोकने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
टीआई एसआर साहू ने कही ये बात
सिविल लाइन थाना बिलासपुर के टीआई एसआर साहू ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक के दौरान चक्काजाम कर आम रास्ते पर आवागमन बाधित किया गया। इस आधार पर संबंधित कांग्रेस नेताओं और आंदोलनकारियों को आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने कहा है कि वे गरीबों के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे और डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
एक दिन पहले भी गरमाया था माहौल
गौरतलब है कि एक दिन पहले नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक के दौरान भी सदन के भीतर और बाहर माहौल गरमाया था। पानी की समस्या और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद मिशन अस्पताल रोड पर चक्काजाम की घटना हुई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।