Latest news

थाना चंद कदम दूर, फिर भी नहीं थम रहीं चोरियां, शनिचरी बाजार के सैकड़ों व्यापारी दहशत में

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। शहर के हृदयस्थल में स्थित शनिचरी बाजार इन दिनों कारोबार का नहीं, बल्कि खौफ का केंद्र बन गया है। हैरानी इस बात की है कि बाजार से चंद कदमों की दूरी पर ही कोतवाली थाना मौजूद है, बावजूद इसके पिछले एक महीने से लगातार चोरी और चोरी की कोशिश की वारदातें सामने आ रही हैं।


सैकड़ों की संख्या में व्यापारी यहां रोज अपना कारोबार करते हैं, लेकिन अब दुकान खोलने से पहले ताले और शटर की सलामती देखना उनकी मजबूरी बन गई है। व्यापारियों का आरोप है कि बीते एक महीने से बाजार में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कई दुकानों के शटर तोड़े गए, कुछ में सेंधमारी की कोशिश हुई, तो कुछ में नकदी और सामान पार कर दिया गया।
पुलिस गश्त के दावे पर सवाल


बाजार के आसपास नियमित गश्त का दावा किया जाता है। थाना पास है, पुलिस की मौजूदगी भी बताई जाती है, लेकिन वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। व्यापारियों का कहना है कि जब थाना इतनी नजदीक है, तब भी चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।
रात के सन्नाटे में शटर काटने और ताले तोड़ने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि सुबह दुकान खोलते ही शटर उखड़ा मिला या ताला टूटा हुआ मिला।
सुरक्षा के इंतजाम, फिर भी नतीजा सिफर


चोरी की वारदातों से परेशान व्यापारियों ने अपने स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए। कई दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, अतिरिक्त ताले लगाए गए, लोहे की ग्रिल और अलार्म सिस्टम तक लगाए गए। इसके बावजूद चोरों के हौसले कम नहीं हुए।
व्यापारियों का कहना है कि कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुईं, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई। एक महीने से बाजार में दहशत का माहौल है, पर नतीजा अब तक सिफर बताया जा रहा है।
नगर पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा
मामले की शिकायत के बाद कोतवाली क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया। व्यापारियों से चर्चा कर चोरों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया गया। बाजार का जायजा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई।
व्यापारियों ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए। उनका कहना है कि लगातार हो रही वारदातों ने कारोबार पर सीधा असर डाला है। शाम होते ही बाजार में असुरक्षा का माहौल बन जाता है।
शहर का दूसरा बड़ा मार्केट माने जाने वाला शनिचरी बाजार, जहां रोज सैकड़ों व्यापारी अपनी रोजी-रोटी के लिए दुकानें खोलते हैं, वहीं अब ताले और शटर की मजबूती ही उनकी सबसे बड़ी चिंता बन गई है। थाना नजदीक है, गश्त के दावे हैं, कैमरे लगे हैं — फिर भी चोर सक्रिय हैं और व्यापारी दहशत में।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।