बिलासपुर।
नगर निगम की 13 फरवरी को लखीराम स्थित ऑडिटोरियम में प्रस्तावित सामान्य सभा बैठक से पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भाजपा पार्षद दल ने पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह और महापौर पूजा विधानी की मौजूदगी में रणनीतिक बैठक कर स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। सामान्य सभा से पहले यह बैठक नगर निगम की सियासत में सीधी टक्कर के संकेत छोड़ गई है।
सामान्य सभा पर फोकस, वार्ड समस्याओं पर मंथन
बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयर इन काउंसिल की तैयारियों के साथ-साथ 13 फरवरी की सामान्य सभा में उठने वाले संभावित मुद्दों पर भी रणनीतिक विचार-विमर्श हुआ। सभी पार्षदों ने सामान्य सभा में एकजुटता दिखाने का संकल्प लिया।
“धन की कमी नहीं होगी, सदन में दिखे सामूहिक शक्ति”
विधायक अमर अग्रवाल ने पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में चुने गए पार्षदों की सामूहिक शक्ति सामान्य सभा में स्पष्ट दिखाई देनी चाहिए। वार्डों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने विकास कार्यों को गति देने की बात कही।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सभी पार्षद जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और वार्डों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी उन्हीं की है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की बात दोहराई और पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करने पर बल दिया।
कांग्रेस के सवालों पर जवाब की तैयारी
बैठक में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा सामान्य सभा में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा पार्षद दल ने सदन में तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति बनाई है। 13 फरवरी की बैठक को लेकर दोनों दलों के बीच तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है।
महापौर का संवाद, संगठन की उपस्थिति
महापौर पूजा विधानी ने पार्षदों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके वार्डों की समस्याओं की जानकारी ली और समाधान की प्रक्रिया पर चर्चा की। विधायक द्वय और महापौर ने मेयर इन काउंसिल के सदस्यों से भी संवाद किया।
बैठक की शुरुआत भाजपा बिलासपुर शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई।
बड़ी उपस्थिति, राजनीतिक संदेश
बैठक में बंधु मौर्य, श्याम साहू, विजय ताम्रकार, तिलकराम साहू, प्रकाश यादव, प्रकाश यादव, संजय यादव, मोती गंगवानी, श्री दिनेश देवांगन, सीमा कुसुम महाबली, संजय सिंह, सुनीता जगत, रेखा पाण्डेय, रूपाली गुप्ता, दिलीप कोरी, अंजनी बबलू कश्यप, मधुबाला टंडन, गणेश रजक, अमित तिवारी, आशीष गुप्ता, दिनेश देवांगन, वल्लभ राव, राजेश दुसेजा, अंचल दुबे, श्याम कार्तिक, विजय मरावी, रमेश पटेल, जय वाधवानी, कमला पुरूशोत्तम पटेल सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।
13 फरवरी को लखीराम ऑडिटोरियम में होने वाली सामान्य सभा अब नगर निगम की राजनीति का केंद्र बनने जा रही है, जहां कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी बहस के आसार साफ दिखाई दे रहे हैं।

