Latest news

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को धार: दिल्ली में जिला अध्यक्षों को मिली राहुल गांधी की सीधी ट्रेनिंग, बिलासपुर से भी सहभागिता

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर , नई दिल्ली।
कांग्रेस पार्टी देशभर में संगठन को जमीनी स्तर पर पुनर्गठित और सशक्त करने के लक्ष्य के साथ संगठन सृजन अभियान को नई गति दे रही है। इसी कड़ी में नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में राष्ट्रीय स्तर पर जिला अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बिलासपुर शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्षों ने भी भाग लेकर नेतृत्व की रणनीति और संगठनात्मक दिशा को नजदीक से समझा।


कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्टी की नींव और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक और सुनियोजित कदम उठाए जा रहे हैं। संगठन सृजन अभियान को कांग्रेस कितनी गंभीरता से ले रही है, इसका स्पष्ट उदाहरण जिला और ब्लॉक अध्यक्षों की चयन प्रक्रिया तथा चयन के बाद उन्हें दिए जा रहे विशेष प्रशिक्षण से सामने आ रहा है।

नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष माननीय सिद्धांशु मिश्रा और बिलासपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष माननीय महेंद्र गंगोत्री ने सहभागिता की। इस अवसर पर देशभर से चयनित जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों, निर्णय प्रक्रिया और भविष्य की रणनीतियों से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता माननीय राहुल गांधी, संगठन महासचिव माननीय के. सी. वेणुगोपाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा को विस्तार से रखा। नेताओं ने बताया कि किस तरह अत्यंत सूक्ष्म परीक्षण और मूल्यांकन के बाद प्रत्येक जिले में जिला अध्यक्षों का चयन किया गया है।

वरिष्ठ नेतृत्व ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में जिला अध्यक्षों को निर्णय लेने के लिए अधिक अधिकार दिए जाएंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके और स्थानीय मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि जिला अध्यक्षों के चयन में युवाओं का बढ़ता प्रतिशत, कांग्रेस नेतृत्व विशेषकर राहुल गांधी की भविष्यदृष्टि और युवा नेतृत्व को आगे लाने की परिकल्पना को दर्शाता है।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में सभी जिला अध्यक्षों को दस दिवसीय अतिरिक्त प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से संगठनात्मक कौशल, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति और नीति निर्माण से जुड़े पहलुओं पर विशेष फोकस किया जाएगा। संगठन सृजन अभियान को कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी देशभर में अपने संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।