Latest news

बिलासपुर में डीजे आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक दर्जन वाहन जब्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


शहर की शांति पर हमला करने वालों पर पुलिस का करारा प्रहार

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस फुल एक्शन मोड में, नियम तोड़ने वालों पर जीरो टॉलरेंस


बिलासपुर।
शहर की शांति, विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम नागरिकों के सुकून को रौंदकर सड़कों पर शोर मचाने वाले डीजे वाहनों पर बिलासपुर पुलिस ने निर्णायक प्रहार किया है। ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले एक दर्जन से अधिक डीजे वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर के स्पष्ट निर्देशों के बाद शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करते पाए गए डीजे वाहनों पर बिना किसी नरमी के कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर ने डीजे और अनियंत्रित कोलाहल को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की थी। उसी के अनुपालन में पुलिस ने यह साफ संदेश दे दिया है कि अब शोर, अराजकता और नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तेज आवाज, बेतरतीब साउंड सिस्टम और अवैध मॉडिफिकेशन पर सीधी चोट
विशेष अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गंभीर उल्लंघन सामने आए—
थाना सरकंडा क्षेत्र में मार्क हॉस्पिटल के पास तेज ध्वनि में डीजे बजाते पाए जाने पर वाहन को तत्काल थाना लाकर कार्रवाई की गई।
थाना सिरगिट्टी क्षेत्र अंतर्गत तिफरा काली मंदिर के पास खड़े डीजे वाहन क्रमांक CG11AB1940 एवं CG10BH4895 नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक और रिंग रोड नंबर–2 के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों में साउंड सिस्टम वाहन की बॉडी से बाहर निकला हुआ पाया गया, साथ ही निर्धारित ऊंचाई से अधिक मॉडिफिकेशन किया गया था। दोनों मामलों में सख्त कार्रवाई की गई।
थाना बिल्हा, मस्तूरी एवं हिर्री क्षेत्रों में भी नियमों की अनदेखी करने वाले डीजे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में यह साफ सामने आया कि डीजे वाहन न केवल ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर रहे थे, बल्कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रतिबंधित मॉडिफिकेशन कर सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बने हुए थे।
बोर्ड परीक्षा के बीच शोर मचाने वालों पर पुलिस का सख्त रुख
बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर यह कार्रवाई और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। परीक्षा के समय तेज डीजे और कोलाहल को छात्रों के भविष्य से सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि पढ़ाई के माहौल में खलल डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
डीजे वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन को लेकर आरटीओ को भी पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है, ताकि ऐसे वाहनों पर दोहरी चोट की जा सके।
कानून की नजर में डीजे और कोलाहल
कोलाहल नियंत्रण अधिनियम: निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि प्रतिबंधित
रिहायशी क्षेत्रों, अस्पतालों, स्कूलों और परीक्षा अवधि में सख्त पाबंदी
मोटर व्हीकल अधिनियम: वाहन की संरचना से बाहर साउंड सिस्टम निकालना अवैध
निर्धारित ऊंचाई से अधिक बॉडी या साउंड मॉडिफिकेशन अपराध
वाहन जब्ती, चालान और लाइसेंस संबंधी कार्रवाई का प्रावधान
उच्च न्यायालय के निर्देश: अनियंत्रित डीजे और सार्वजनिक शोर पर सख्ती
नियम उल्लंघन पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि शहर की सड़कों पर शोर, दिखावा और कानून की अवहेलना अब भारी पड़ेगी। डीजे के नाम पर अराजकता फैलाने वालों के लिए पुलिस का यह संदेश सीधा और कठोर है—नियम तोड़े तो कार्रवाई तय है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।